CBSE Board Exam 2026-27: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए List of Candidates (LOC) जमा करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड ने संबद्ध स्कूलों को छात्रों की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। LOC में छात्र का नाम, माता-पिता या अभिभावक का नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य जरूरी विवरण शामिल होंगे।
24 सितंबर से 21 अक्टूबर तक भर सकेंगे LOC
CBSE के अनुसार, स्कूल 24 सितंबर से 21 अक्टूबर 2026 तक सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ छात्रों का विवरण जमा कर सकेंगे। इसके बाद 22 से 30 अक्टूबर 2026 तक LOC जमा करने का अवसर मिलेगा, लेकिन इस दौरान प्रति छात्र 200 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। बोर्ड ने स्कूलों को सलाह दी है कि LOC को अंतिम रूप देने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें।
2 से 4 नवंबर तक मिलेगा करेक्शन का मौका
LOC जमा होने के बाद छात्रों की जानकारी के सत्यापन के लिए 2 से 4 नवंबर 2026 तक डेटा वेरिफिकेशन स्लिप के माध्यम से सुधार का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान छात्र का नाम, माता-पिता या अभिभावक का नाम और जन्मतिथि जैसी जानकारी में आवश्यक सुधार किया जा सकेगा।
इस अवधि के बाद CBSE किसी भी प्रकार के संशोधन को सामान्य तौर पर स्वीकार नहीं करेगा। इसलिए स्कूलों को प्रवेश एवं नाम वापसी रजिस्टर से छात्रों की जानकारी का मिलान करने को कहा गया है।
विषय चयन में बरतें विशेष सावधानी
CBSE ने विषय चयन को लेकर भी स्कूलों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। छात्रों के विषय बोर्ड की निर्धारित अध्ययन योजना के अनुरूप होने चाहिए। गलत विषय संयोजन दर्ज होने पर छात्र के बोर्ड परीक्षा में शामिल होने में समस्या हो सकती है।
2026-27 में दो बार होगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा दो अवसरों पर आयोजित होगी। पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य रहेगा। पहली परीक्षा में उत्तीर्ण और पात्र छात्रों को दूसरी परीक्षा में निर्धारित विषयों में अपने प्रदर्शन में सुधार का अवसर मिलेगा। स्कूलों को अंतिम LOC तैयार करने के बाद छात्र और अभिभावक के हस्ताक्षर लेने तथा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


