राई, 7 अगस्त। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई की छात्राओं ने सीबीएसई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय की फुटबॉल और वॉलीबॉल टीमों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके साथ ही 30 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन भी हुआ है।
2 से 6 अगस्त तक बधाना (सोनीपत) में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन अंडर-14 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 13 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में विद्या देवी जिंदल स्कूल को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले टीम ने क्वार्टर फाइनल में आदर्श स्कूल, महम को 3-1 तथा सेमीफाइनल में डीएवी अंबाला को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की 18 खिलाड़ियों का चयन सीबीएसई राष्ट्रीय अंडर-14 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 1 से 6 अक्टूबर, 2026 तक वडोदरा (गुजरात) में आयोजित होगी। इसके अलावा विजेता टीम की छह खिलाड़ियों का चयन पहले ही आईपीएससी के माध्यम से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है।
इसी प्रकार 28 से 30 जुलाई तक कपिल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महेंद्रगढ़ में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-15 बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खेल विद्यालय की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण तथा अंडर-14 वर्ग में रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में 28 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।
अंडर-19 टीम ने क्वार्टर फाइनल में होली चाइल्ड स्कूल, फरीदाबाद को 2-0, सेमीफाइनल में आरपीएस महेंद्रगढ़ को 2-0 तथा फाइनल में ब्लू बेल्स स्कूल, गुरुग्राम को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने 22 से 27 सितंबर तक लुधियाना (पंजाब) में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है जिसमे खेल स्कूल राई की 12 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी ।
प्रतियोगिताओं से लौटने पर विद्यालय की प्राचार्य एवं निदेशक दिनेश कुमारी ने खिलाड़ियों और कोच नवदीप सिंह व राजकुमार राणा की पीठ थपथपाई और बधाई देते हुए विजेता टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है तथा उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।

खेल विश्वविद्यालय, राई के कुलपति ने कहा कि मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया है। सीबीएसई प्रतियोगिताओं में मिली यह सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय की खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा और संस्थान का नाम देशभर में रोशन करेंगी। साथ ही सभी खिलाड़ियों, कोच और विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
- ‘बयानबाजी से बिगड़ रहा माहौल, सबूत मांगो तो चुप्पी क्यों?’ कांग्रेस अध्यक्ष का सीएम योगी पर सीधा हमला
- नेपाल में हुई त्रासदी में विदिशा की बेटी भी लापता, कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गई थी स्वाति बागरेचा
- CG News: त्योहारी सीजन में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, मकान से 10 पेटी MP निर्मित शराब जब्त, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
- फर्जी लेडी IAS की बढ़ी मुश्किलें: अब भोपाल में हुई तृप्ति सिंह के खिलाफ FIR, इश्क ने बना दिया था नकली अफसर
- अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर: यूपी में 50 KW तक का बिजली कनेक्शन पाना हुआ बेहद आसान


