CCPL Season 3: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांचक सफर के बाद अब छत्तीसगढ़ में एक बार फिर क्रिकेट का खुमार चढ़ने जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित ‘छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग’ (CCPL) के तीसरे सीजन का बिगुल फूंक दिया गया है। आगामी 3 जून से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे।

बता दें कि टूर्नामेंट के औपचारिक आगाज से पहले कल यानी मंगलवार, 19 मई को शाम 5:30 बजे से उमरिया (नवा रायपुर) स्थित होटल मायरा में सभी टीमों और उनकी आधिकारिक जर्सी का ग्रैंड लॉन्चिंग कार्यक्रम रखा गया है।

प्रदेश की इन 6 टीमों के बीच होगी खिताबी भिड़ंत

पिछले दो सीजनों की तरह इस बार भी लीग में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली 6 धाकड़ टीमें मैदान पर उतरेंगी:

रायपुर राइनोज (Raipur Rhinos)

राजनांदगांव पैंथर्स (Rajnandgaon Panthers)

बिलासपुर बुल्स (Bilaspur Bulls)

सरगुजा टाइगर्स (Sarguja Tigers)

रायगढ़ लायंस (Raigarh Lions)

बस्तर बायसंस (Bastar Bisons)

दिलचस्प रहा है पिछला इतिहास

लीग के इतिहास पर नजर डालें तो साल 2024 में खेले गए पहले सीजन के फाइनल मुकाबले में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहला खिताब अपने नाम किया था। वहीं, पिछले साल (सीजन-2) के फाइनल मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दिया था, जिसके चलते मैच न हो पाने की स्थिति में रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग को राज्य का सबसे चर्चित और लोकप्रिय टी-20 टूर्नामेंट माना जाता है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, इस बार प्रतियोगिता को पहले से कहीं ज्यादा भव्य और बेहतर तरीके से आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इस लीग के जरिए प्रदेश के सुदूर अंचलों से आने वाले युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी काबिलियत दिखाने का एक बड़ा राष्ट्रीय स्तर का मंच मिलता है, जिससे उन्हें आगे चलकर बीसीसीआई के घरेलू सत्रों में जगह बनाने में मदद मिलती है।

रायपुर को अब नियमित मिलेंगे इंटरनेशनल और IPL मैच

क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है। रायपुर का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अब पूरी तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधीन आ चुका है, जिससे यहां अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड की रोटेशन पॉलिसी के तहत अब रायपुर में हर साल वनडे (ODI), टी-20, टेस्ट मैच के साथ-साथ आईपीएल (IPL) के मुकाबले भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

ऐतिहासिक सीरीज की मेजबानी करेगा रायपुर

पुरुष क्रिकेट के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी का भी गौरव मिलने जा रहा है। जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम पहली बार टी-20 सीरीज के लिए भारत दौरे पर आ रही है, और इस ऐतिहासिक सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से रायपुर के मैदान से ही होने जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H