Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और विवादित पोस्ट करने के मामले में बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सोशल मीडिया यूनिट (CCSU) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के 10 हैंडल्स को नोटिस जारी किया है। इन हैंडल्स में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का आधिकारिक X अकाउंट भी शामिल है।
एक्स को संबंधित पोस्ट हटाने के लिए नोटिस
CCSU ने X को भी नोटिस भेजकर संबंधित पोस्ट को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही प्लेटफॉर्म से कहा गया है कि इन पोस्ट से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं और संबंधित अकाउंट संचालकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसमें नाम, आईपी एड्रेस, ई-मेल, मोबाइल नंबर, जीपीएस लोकेशन और लॉग-इन डिटेल्स जैसी जानकारी मांगी गई है।
कंटेंट नहीं हटाने वालों के खिलाफ हो सकती है FIR
पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री को निशाना बनाकर किए गए ये पोस्ट आपत्तिजनक और भ्रामक हैं। ऐसे कंटेंट से लोगों के बीच भ्रम फैल सकता है और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। CCSU ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि तय समय के भीतर पोस्ट नहीं हटाए गए तो एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजद को भी मिला नोटिस
इस कार्रवाई की जद में विपक्ष की पार्टी राजद भी शामिल है। राजद के भी एक्स हैंडल को नोटिस भेजकर सीएम सम्राट चौधरी से संबंधित भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने के लिए कहा गया है। वहीं, दूसरी ओर नोटिस मिलने पर राजद ने सवाल उठाए हैं। राजद ने X पर पोस्ट कर कहा कि क्या अब बिहार में विपक्ष की आवाज़ को दबाया जाएगा और जनता की आवाज का ‘फेक एनकाउंटर’ किया जाएगा। RJD ने यह भी कहा कि अगर सम्राट चौधरी आलोचना नहीं सुन सकते, तो उन्हें राजनीति छोड़ देनी चाहिए।
संबंधित प्लेटफॉर्म को भेजा जाता है नोटिस
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (CCSU) के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि, सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के खिलाफ किसी भी प्रकार का कोई आपत्तिजनक, भ्रामक या कानून का उल्लंघन करने वाला कंटेंट मिलने पर संबंधित प्लेटफॉर्म को पहले नोटिस भेजा जाता है। नोटिस भेजे जाने के बाद यदि उस व्यक्ति या प्लटेफॉर्म द्वारा उस कंटेंट को नहीं हटाया जाता है, तो इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाती है।
ये भी पढ़ें- अमित शाह और राहुल गांधी के पड़ोसी बने नीतीश कुमार, दिल्ली में नए सरकारी बंगले में आज पूजा-पाठ

