भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। भिवाड़ी से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजकर 10 मिनट पर एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 7 मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। वहीं इस अग्निकांड का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि यह हादसा खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित भूखंड संख्या G-1/118-B में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ। घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर कुल 11 श्रमिक पटाखे बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई, जिसने बारूद और केमिकल की मौजूदगी के चलते कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही फैक्ट्री के भीतर तेज धमाके हुए, जिससे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें धमाके के बाद फैक्ट्री से धुएं का घना गुबार उठता साफ दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाकों की आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब सुबह 11 बजे तक आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब मलबे की तलाशी ली गई, तो अंदर से 7 मजदूरों के जले हुए शव बरामद किए गए। वहीं गंभीर रूप से झुलसे चार मजदूरों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है।
घटना के बाद से फैक्ट्री संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालित किए जाने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही वन राज्यमंत्री संजय शर्मा और खैरथल-तिजारा जिले की प्रभारी कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
मृतकों के नाम
सुजानत पुत्र शिव पासवान, निवासी मोतिहारी (बिहार)
मिंटू पुत्र सिकंदर पासवान, निवासी मोतिहारी (बिहार)
अजीत पुत्र सुरेंद्र, निवासी मोतिहारी (बिहार)
रवि पुत्र राजदेव, निवासी मोतिहारी (बिहार)
श्याम पुत्र जयदेव, निवासी चंपारण (बिहार)
अमरेश पुत्र कृष्ण लाल, निवासी चंपारण (बिहार)
एक अन्य मृतक की पहचान की पुष्टि की जा रही है
देखें वीडियो


