कुंदन कुमार, पटना। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार आज रविवार (16 अगस्त) को बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। फिर इसके बाद वह सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी दौरे के लिए रवाना हो गए। अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और मतदाताओं से संवाद करेंगे।

बिहार में हुआ अमेरिका, इंग्लैंड से अधिक मतदान- CEC

वैशाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, मैं बिहार की पावन भूमि का नमन करने आया हूं। मतदाता सूची का शुद्धिकरण (SIR) सबसे सफल आयोजन बिहार से ही शुरू हुआ था और विगत 2025 में हुए शांतिपूर्ण विधानसभा चुनाव का मतदान प्रतिशत भी आजादी से लेकर अभी तक सर्वाधिक रहा। उन्होंने कहा कि, अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, स्पेन में हुए आम चुनाव से ज्यादा मतदान बिहार में हुआ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वैशाली समेत बिहार के सभी मतदाताओं का एक बार फिर से अभिनंदन करते हुए कहा, जय भारत। जय बिहार।

बिहार से लांच किया जाएगा ELC 2.0

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बिहार दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 से जुड़ा है, जिसे कल 17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन से ELC 2.0 को पूरे देश में लॉन्च किया जाएगा। ELC 2.0 पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को चुनाव से जुड़ी जानकारी और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि 17 अगस्त को वह नालंदा में BLO के साथ बैठक भी करेंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

बिहार को बताया लोकतंत्र की जननी

ज्ञानेश कुमार ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताया और कहा कि बिहार की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अफनी मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई है। इसके लिए वे सभी का धन्यवाद करते हैं और उन्हें बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि, चुनावी प्रक्रिया को मजबूत बनाने में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग से जुड़े सफल कार्यक्रमों की शुरुआत बिहार से होना राज्य के लिए गौरव की बात है।

ये भी पढ़ें- ‘19 अगस्त को राजद का राजभवन मार्च’, सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर तेजस्वी ने भरी हुंकार