इमरान खान, खंडवा। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय दौरे के तहत धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने सपत्नीक प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर महादेव के दर्शन और विशेष पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी अनुराधा भी मौजूद रहीं।
ममलेश्वर महादेव का किया पंचामृत अभिषेक
ओंकारेश्वर पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का मंदिर प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। ममलेश्वर मंदिर के पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें पूरे विधि-विधान के साथ गर्भगृह में जलाभिषेक और पंचामृत पूजा संपन्न कराई। इसके बाद उन्होंने बाबा ममलेश्वर की भव्य महाआरती में भाग लिया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
“सशक्त और पारदर्शी लोकतंत्र के लिए मांगी मन्नत”
महादेव के दर्शन और स्तुति के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए अपने इस आध्यात्मिक अनुभव को साझा किया। उन्होंने देश के लोकतंत्र और नागरिकों के लिए बाबा से विशेष प्रार्थना की।
CEC ज्ञानेश कुमार ने कहा कि महादेव के दर्शन का सौभाग्य मुझे और मेरी पत्नी अनुराधा को यहां प्राप्त हुआ है। हमने बाबा ममलेश्वर से प्रार्थना की है कि भारतवर्ष के सभी मतदाताओं और देश के ऊपर एक सशक्त और पारदर्शी लोकतंत्र की कृपा हमेशा बनी रहे। इसके साथ ही हमने देश के सभी मतदाताओं के उत्तम स्वास्थ्य और उनके आध्यात्मिक कल्याण की भी अच्छी कामना की है।
इस धार्मिक यात्रा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त अपने दौरे के अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय उनकी सुरक्षा और अगवानी में तैनात रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

