राजेश वर्मा, नारायणगढ़। पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी के नेतृत्व में आज रुद्राक्ष पार्क, नारायणगढ़ में योग साधकों द्वारा पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत की खुशी में झाल मूड़ी वितरित कर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधक व भाजपा समर्थक उपस्थित रहे और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने देश के विकास और मजबूत नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए खुशी साझा की।
जनकल्याणकारी नीतियों की जीत
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने जो विकास कार्य, गरीब कल्याण योजनाएं और राष्ट्रहित में फैसले लिए हैं, उनके कारण देश के कोने-कोने में भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम यह साबित करते हैं कि जनता अब विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। लोगों ने राष्ट्रहित में मतदान किया है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कुशासन एवं असुरक्षा, गुंडा गर्दी तथा बांग्लादेशी घुसपैठ के विरोध में भाजपा को भारी जीत मिली है।
देश विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा
डॉ. सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा व व्यापारी वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि जनता लगातार भाजपा के प्रति अपना विश्वास प्रकट कर रही है।
मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम
उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा की भावना से कार्य कर रहा है और आने वाले समय में भी इसी तरह जनहित के कार्यों को गति दी जाती रहेगी।
विशेष बात यह रही कि झाल मूड़ी बंगाल निवासी दिलीप कुमार ने पारंपरिक बंगाली तरीके से तैयार की, जिसका स्वाद सभी योग साधकों ने बड़े उत्साह से चखा। इस मौके पर गर्मी को देखते हुए सभी को लस्सी भी वितरित की गई।
पिछले कुछ वर्षों से नारायणगढ़ में रह रहे
बताया गया कि दिलीप कुमार काला अम्ब में कार्यरत हैं और पिछले कुछ वर्षों से नारायणगढ़ में रह रहे हैं। वे प्रतिदिन रुद्राक्ष पार्क में योग साधकों के साथ नियमित रूप से योग भी करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की प्रगति, एकता और समृद्धि की कामना करते हुए जीत का जश्न मनाया और झाल मूड़ी व लस्सी वितरित कर खुशी साझा की।

