रेवाड़ी। जनगणना 2027 के तहत हरियाणा में मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा। इसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए जिला के प्रधान जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्थानीय सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में डीसी ने कहा कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। बैठक से पहले हरियाणा जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी उपायुक्तों को दिशा-निर्देश दिए।डीसी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे कार्य में तेजी, सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत जरूरी है। पहले चरण में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकानों की गणना करेंगे।गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि गणना कार्य सुबह और शाम के समय किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

साथ ही प्रशासन और आम नागरिकों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।डीसी ने आमजन से अपील की कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका राशन कार्ड, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र या वोटर आईडी से कोई संबंध नहीं है। साथ ही यह नागरिकता से भी जुड़ा मामला नहीं है।

जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए जिला सांख्यिकी अधिकारी डॉ. देवीदत्त के मोबाइल नंबर 9877793490 पर कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।बैठक में नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार, जिला सांख्यिकी अधिकारी डॉ. देवीदत्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।