Central Sector Scholarship 2026: इंटर पास छात्रों को हर साल ₹10,000, झारखंड के 1,878 छात्रों के लिए आवेदन शुरू
रांची। इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार की सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप स्कीम फॉर कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के तहत वर्ष 2026 में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले पात्र छात्रों को प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस योजना के लिए झारखंड के 1,878 विद्यार्थियों का कोटा निर्धारित किया गया है।
सभी विश्वविद्यालयों को भेजे गए निर्देश
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) समेत राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र भेजकर कॉलेजों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों से आवेदन कराने का अनुरोध किया है।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
इस छात्रवृत्ति का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने वर्ष 2026 में कला, वाणिज्य या विज्ञान संकाय से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की है और अपने बोर्ड के टॉप 20 परसेंटाइल में शामिल हैं।
छात्रवृत्ति का चयन और भुगतान केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
इच्छुक विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को अपना प्रोफाइल बनाकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज:
मोबाइल नंबर
ई-मेल आईडी
इंटरमीडिएट की अंकतालिका
आधार नंबर
बैंक खाते का विवरण
इंटरमीडिएट का रोल नंबर और रोल कोड (10 अंकों में)
डीबीटी के जरिए सीधे खाते में आएगी राशि
छात्रवृत्ति की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
पिछले वर्ष खाली रह गया था कोटा
डॉ. नटवा हांसदा ने बताया कि पिछले वर्ष पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण झारखंड का निर्धारित कोटा पूरी तरह भर नहीं पाया था। इसलिए इस बार सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को अधिक से अधिक पात्र छात्रों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुराने लाभार्थी भी कर सकेंगे रिन्यूअल
वर्ष 2024 के वे विद्यार्थी, जिन्होंने पहले इस योजना के तहत आवेदन किया था, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिन्यूअल (Renewal) के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
जैक ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति का भुगतान पूरी तरह केंद्र सरकार की प्रक्रिया के अनुसार होगा। भुगतान से संबंधित किसी भी दावे या विवाद के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल जिम्मेदार नहीं होगी।


