जीपीएम, कोरबा, धमतरी। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक हादसों ने पांच लोगों की जान ले ली, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा और धमतरी जिलों में हुए इन हादसों में कहीं ट्रैक्टर और ट्रेलर लोगों के लिए काल बन गए, तो कहीं खदान में डंपर पलटने से एक एसईसीएल कर्मी की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद कई इलाकों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।

गौरेला में 12 घंटे के भीतर दो युवकों की मौत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पहली घटना अंधियारखोर में हुई, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 18 वर्षीय दीपेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कम उम्र में युवक की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

वहीं दूसरी घटना करिआम घाट के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, मृतक अपने दोस्तों के साथ एक बारात से लौट रहा था। सफर के दौरान करिआम घाट के पास सभी लोग सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान घाट की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल और युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान अमित पैकरा (उम्र लगभग 24 वर्ष) निवासी कोटमी खुर्द के रूप में हुई है।
कोरबा में गाय से टकराई बाइक, एक की मौत
कोरबा। रायताखार क्षेत्र में तीन युवक बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गाय सड़क पार करने लगी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो मृतक की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है।

कुसमुंडा खदान में डंपर पलटा, SECL कर्मी की मौत
कोरबा। जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में भी बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सत्य नारायण शनिवार रात करीब एक बजे खोडरी फेस में 60 टन डंपर से मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान डंपर पीछे की ओर फिसलकर लगभग 150 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद कर्मचारियों ने खदान में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा काम का दबाव बनाया जाता है और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की अनदेखी की जाती है। कर्मचारियों ने संबंधित प्रबंधक को हटाने और मृतक के परिजनों को सात दिनों के भीतर नौकरी देने की मांग की है।
मृतक एसईसीएल की पंप हाउस कॉलोनी के क्वार्टर जी-25 में रहता था और अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
धमतरी में ट्रैक्टर ने बुजुर्ग महिला को कुचला
धमतरी। दुगली थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। घर के पास बैठी एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मामला दुगली थाना क्षेत्र के करहेया गांव का है, जहां की निवासी बुजुर्ग महिला जानकी बाई अपने घर के पास सड़क किनारे शौच के लिए बैठी हुई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

