Accident News : प्रवीण साहू, अभनपुर. गोबरा नवापारा नगर के मैडम चौक के पास बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान 60 साल के अख्तर अली के रूप में हुई. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की पतासाजी जारी है.

जानकारी के अनुसार, अख्तर अली राजिम के मस्तान शाह दरगाह के पास रहते थे. बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी क्रमांक CG 04 DZ 4083 से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान गोबरा नवापारा के मैडम चौक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. स्कूटी सवार अख्तर अली की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को पंचनामा कर गोबरा नवापारा सीएचसी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बाद में परिजनों को शव सौंप दिया गया. वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

हादसे के बाद रेत परिवहन को लेकर भी सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजिम क्षेत्र के समीप पितईबंद में रेत के उत्खनन और उसके परिवहन का कारोबार लंबे समय से चर्चा में है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजिम क्षेत्र से रेत ट्रैक्टरों के माध्यम से गोबरा नवापारा की ओर लाई जाती है. दमानी पेट्रोल पंप के बाजू में रेत का स्टॉक किया जाता है, जहां से जेसीबी की सहायता से हाईवा वाहनों में रेत लोड कर बिक्री होती है. लोगों का कहना है कि इसी कारण काफी संख्या में ट्रैक्टरों की आवाजाही शुरू हुई है. 

अब क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले वाहनों की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन पूरे रेत परिवहन नेटवर्क की जांच करें, सड़क पर तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H