बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मोपेड सवार दंपति को तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। शव मरर्च्यूरी भेजकर ड्राइवर की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

रतनपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलखा निवासी रामायण कश्यप (55) गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अपनी पत्नी गीता कश्यप (52) के साथ मोपेड से बेलतरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे पर चढ़े, उसी दौरान बिलासपुर की ओर से कोरबा जा रहे ट्रेलर ने पीछे से मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड के पीछे बैठी गीता ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। वहीं मोपेड चला रहे रामायण कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रामायण कश्यप को रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव मरर्च्यूरी भेजकर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।