गौरव जैन/पुरुषोत्तम पात्र, CGBSE Class 12th Board Toppers: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रदेश के कई जिलों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खासकर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) और गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

GPM के 3 छात्रों ने लहराया परचम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के तीन होनहार विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। ताहिरा खान ने 97.60% अंक के साथ प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि ओंकार केवट 97.40% अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे। इसके अलावा भूमिका परतोति ने 97% अंक के साथ सातवां स्थान हासिल कर जिले को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई।

तीनों छात्रों की सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने इसे गर्व का क्षण बताया है। छात्रों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का श्रेय दिया जा रहा है।

रिजल्ट घोषित होने के बाद तीनों छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी से मुलाकात की। कलेक्टर ने उनका मुंह मीठा कराकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्रों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गरियाबंद में बेटियों ने रचा नया कीर्तिमान

गरियाबंद जिले में इस बार बेटियों ने नया इतिहास रच दिया है। पहली बार जिले से 12वीं बोर्ड की मेरिट सूची में चारों स्थान बेटियों ने हासिल किए हैं।

छुरा की महक सचदेवा ने 97 प्रतिशत अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। कौंदकेरा की तनीशा ने 96.80 प्रतिशत अंक के साथ आठवां स्थान हासिल किया। वहीं रावणसिंघी की विद्या रानी और राजिम की प्रेमीन सोनकर ने 96.40 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से दसवां स्थान प्राप्त किया।

इन बेटियों ने घरेलू जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है। खास बात यह भी रही कि 10वीं बोर्ड परीक्षा में दूसरे स्थान पर रहने वाली छात्रा दीपांशी बौद्ध भी गरियाबंद जिले की ही हैं।

बेहतर हुआ जिले का रिजल्ट

जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने बताया कि इस वर्ष परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कक्षा 10वीं में 84.16 प्रतिशत और 12वीं में 92.89 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर है।

उन्होंने टॉपर छात्राओं के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और कहा कि बेटियों की इस उपलब्धि ने जिले का मान बढ़ाया है।

गर्व और प्रेरणा की मिसाल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और गरियाबंद के इन छात्रों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। खासतौर पर बेटियों के शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नई ऊंचाइयां छू रही हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H