शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एसटी/एससी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के सिलसिले में रायपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए मंत्रालय में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। वहीं नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 6 लाख रुपए भी ऐंठ लिए।

जब लंबे समय तक न तो नौकरी लगी और न ही शादी की बात आगे बढ़ी तब पीड़िता को ठगी और धोखे का एहसास हुआ।इसके बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एसटी/एससी एक्ट, धोखाधड़ी और दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

