सुरेश परतागिरी, बीजापुर। एकलव्य रेसिडेंसियल स्कूल रूद्रारम भोपालपटनम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में बीजापुर पुलिस ने आरोपी कम्प्यूटर शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झालरापाटन राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया।
पीड़िता के परिजनों ने थाना भोपालपटनम में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बीएनएस एवं पाक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था। प्रकरण में बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए SIT टीम का गठन किया गया था। दो अलग-अलग टीमों को आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया था, जिसमें एक टीम राजस्थान एवं दूसरी टीम को हरियाणा गई थी।

लगातार तकनीकी सूचना के आधार पर पतासाजी एवं घेराबंदी करते हुए मामले के फरार आरोपी देवेन्द्र कुमार दहिया, पिता उमेद सिंह दहिया, उम्र 34 वर्ष को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को झालरापाटन, राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध थाना भोपालपनटनम् में वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


