CG Crime News : नरेश शर्मा, रायगढ़. सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में 24 अक्टूबर को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा दी. नशे में धुत 5 दोस्तों की बिरयानी खाने के लिए पैसे लूटने की योजना थी. बस स्टैंड में नशे की हालत में सो रहे व्यक्ति को लूटने की कोशिश हुई, लेकिन वह जाग गया और विरोध करने लगा. इसी दौरान एक नाबालिग ने बटन चाक़ू से वारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसकी जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांट लिया. 

मामले को लेकर पुलिस ने जानकारी दी कि 24 अक्टबूर की सुबह जूटमिल थाने को बस स्टैंड के पास पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस अधिकारी, जूटमिल पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और भौतिक साक्ष्य जुटाए. प्रारंभिक तौर पर मृतक की उम 35 से 40 के बीच आंकी गई. उसके शरीर पर चोट के निशान थे. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई।

नशा के लिए पैसा जुटाने करते थे लूटपाट

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान 15-16 साल के लड़कों के घटना में शामिल होने और घटना की तारीख को देखे जाने की सूचना मिली। हुलिए के आधार पर शहर के कुछ इलाकों में दबिश देकर पुलिस ने एक युवक और चार नाबालिगों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में वारदात में शामिल होना कबूल किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह सभी नशे के आदी हैं. नशा का सामान खरीदने के लिए वह अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। शराब के नशे में रहने वाले लोगों को निशाना बनाते हैं. बुजुर्गों और रात में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर अकेले आने-जाने वालों के साथ लूटपाट करते थे.

एक गिरफ्तार, 4 नाबालिग हिरासत में

मामले में पुलिस ने 19 साल के राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नालाबिग को पकड़ा है. निशानदेही के आधार पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, रक्तरंजित कपड़े और बाइक जब्त की गई है. आरोपियों के खिलाफ हत्या और संगठित अपराध की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H