रमेश सिन्हा, पिथौरा : अगर आप भी शराब पीने के शौकीन हैं, तो जरा सावधान हो जाइए. कहीं ऐसा न हो कि आपकी शराब की बोतल में चुपके से पानी मिलाया गया हो. महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान (अंग्रेजी शराब दुकान) में ग्राहकों की आंखों में धूल झोंककर चल रही भारी मिलावटखोरी का बड़ा पर्दाफाश हुआ है. आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए दुकान के 4 प्लेसमेंट कर्मचारियों को मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव में खुलेआम पानी मिलाते हुए रंगे हाथों धर दबोचा है.

टेबल पर ही चल रहा था मिलावट का खेल
जानकारी के अनुसार, 25 मई को विभागीय टीम आवश्यक निरीक्षण के लिए अचानक मदिरा दुकान पहुंची, तो उनके होश उड़ गए. दरअसल, दुकान में प्लेसमेंट कर्मचारी बेखौफ होकर टेबल पर ही मैकडॉवेल नंबर 1 शराब की बोतलों (पाव) का सील खोलकर उसमें पानी की मिलावट कर रहे थे. टीम ने तत्काल चार आरोपियों को अंजाम देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.

सालों से जमे थे कर्मचारी, बुलंद थे हौसले
इस पूरे मामले की ‘इनसाइड स्टोरी’ यह है कि शराब दुकान में मिलावटखोरी का यह खेल लंबे समय से बेखौफ चल रहा था. पकड़े गए 4 आरोपियों में से ‘उमेश मन्नाडे’ और ‘करन सोनटके’ पिछले लगभग 2 सालों से पिथौरा में ही कार्य कर रहे थे. वहीं नारायण निषाद और हेमंत पटेल पिछले 7-8 महीने से यहां पदस्थ थे. लंबे समय से एक ही दुकान पर टिके होने के कारण इन कर्मचारियों के हौसले इतने बुलंद हो गए थे कि वे बिना किसी डर के ग्राहकों को पानी मिली शराब बेच रहे थे.
फिलहाल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पानी मिलावट की गई मैकडॉवेल न. 1 (पाव) शराब भी बरामद कर ली गई है. चारों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) (मदिरा में पानी मिलावट) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

