CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 जून को नई दिल्ली से हैदराबाद के दौरे पर रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 6:15 बजे छत्तीसगढ़ सदन, नई दिल्ली से कार द्वारा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 7 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे इंडिगो की उड़ान 6E-6601 से शाम 7:45 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। रात 10:05 बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद पहुंचने के बाद वे होटल पार्क हयात, बंजारा हिल्स जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।

दौरे के दूसरे दिन 12 जून को मुख्यमंत्री साय होटल पार्क हयात में आयोजित इन्वेस्टर मीट में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद वे शाम 3:50 बजे होटल से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 6 बजे इंडिगो की उड़ान 6E-7248 से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 7:50 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर पहुंचने के बाद वे मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे और रात 8:20 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगे के दौरा कार्यक्रम की जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।
रायपुर में आज से दौड़ेंगी 8 नई मिनी सिटी बसें
रायपुर। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए गुरुवार से आठ नई मिनी सिटी बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। 45 दिनों के पायलट प्रोजेक्ट के तहत चलने वाली ये बसें टाटीबंध चौक से रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी भाठागांव तक दो रूटों पर संचालित होंगी। यात्रियों को हर 15 से 20 मिनट में बस की सुविधा मिलेगी, जबकि टाटीबंध से रेलवे स्टेशन तक का किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
पहला रूट टाटीबंध चौक-आमापारा-रेलवे स्टेशन और दूसरा रूट आईएसबीटी भाठागांव-संतोषी नगर-पचपेड़ी नाका-सिद्धार्थ चौक-कालीबाड़ी-घड़ी चौक-रेलवे स्टेशन रहेगा। बसों का संचालन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा।
प्रशासन का मानना है कि नई बस सेवा से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से शहर में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
खाद-बीज संकट को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल आज
रायपुर। खाद और बीज की कथित कमी को लेकर कांग्रेस आज राजधानी रायपुर में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे अंबेडकर चौक से रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व रायपुर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे करेंगे।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी सरकार के खिलाफ हल्लाबोल करेगी।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, शिव डहरिया समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की है।
राजधानी के कई इलाकों में आज शाम जलापूर्ति रहेगी प्रभावित
रायपुर। राजधानी रायपुर के 42 इलाकों में गुरुवार 11 जून को शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन पर मेंटेनेंस और केबल कनेक्टिविटी कार्य के चलते 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट कुछ समय के लिए बंद रहेंगे।
नगर निगम जलकार्य विभाग के अनुसार सुबह की जलापूर्ति नियमित रहेगी, लेकिन शाम को इन प्लांटों से जुड़े 42 जलागारों में पानी की सप्लाई नहीं होगी। डंगनिया, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, कचना, देवपुरी, जोरा, रायपुरा समेत कई क्षेत्रों में इसका असर रहेगा।
नगर निगम ने बताया कि 12 जून की सुबह से जलापूर्ति फिर सामान्य हो जाएगी। वहीं, अन्य जलागारों और पावर पंपों से होने वाली पानी की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
रायपुर में आज युवाओं का आवासीय शिविर का आयोजन
रायपुर। गायत्री परिवार रायपुर और शहर जिला साहू संघ के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं के आध्यात्मिक एवं सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से गुरुवार को एक दिवसीय आवासीय युवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर कृष्णा नगर-संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित होगा। शिविर में युवाओं को व्यक्तित्व विकास, संस्कार, नेतृत्व क्षमता और आध्यात्मिक जीवन मूल्यों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
डिजिटल और एआई सशक्तीकरण पर दो दिवसीय विशेष कार्यशाला कल से
रायपुर। फिक्की फ्लो रायपुर चैप्टर के एआई एवं डिजिटल वर्टिकल के तत्वावधान में 12 और 13 जून को डिजिटल जागरूकता एवं एआई सशक्तीकरण विषय पर दो दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तीन अलग-अलग सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल प्लेटफॉर्म के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
12 जून को शिवाशा फाउंडेशन में आयोजित ‘एआई पावर्ड कॉम्पिटिटिव एग्जाम प्रिपरेशन’ कार्यशाला में करीब 90 प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल्स की मदद से अध्ययन योजना, मॉक टेस्ट, करंट अफेयर्स, उत्तर लेखन और इंटरव्यू तैयारी के आधुनिक तरीके सिखाए जाएंगे।
वहीं 13 जून को विमतारा में फ्लो सदस्यों के लिए दो विशेष सत्र आयोजित होंगे। ‘आपके साथ-आपके रफ्तार’ कार्यशाला में गूगल मैप्स, गूगल लेंस, गूगल कैलेंडर, ओला, उबर, जोमैटो और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ‘एआई फॉर एवरीडे लाइफ’ सत्र में प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में एआई को स्मार्ट सहायक के रूप में उपयोग करने के व्यावहारिक तरीके बताए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार तीनों कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 200 प्रतिभागियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

