CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह जिला जशपुर के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे रायपुर से कुनकुरी रवाना होंगे। इसके बाद वे दोपहर 3 बजे सालिया टोली स्टेडियम में आयोजित प्रभु श्री रामकथा रसपान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे कुनकुरी से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 6 बजे तक रायपुर लौट आएंगे।

रायपुर में इस साल बनेंगे 4 फ्लाईओवर्स

रायपुर। राजधानी रायपुर में इस साल 4 फ्लाईओवर्स के काम शुरू होंगे। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने चारों फ्लाईओवर्स के लिए कुल 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपए मंजूर किए हैं। इन फ्लाईओवर्स के निर्माण से शहर के ब्यस्त यातायात को तेज, स्मूथ और सुव्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। शहरवासी इनके निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे।

लोक निर्माण विभाग ने शहर के बीच जी.ई. रोड पर गुरू तेज बहादुर उद्यान से तेलीबांधा के नेताजी सुभाष चौक तक फ्लाईओवर के लिए 172 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। रायपुर के रिंग रोड क्रमांक-2 में सोनडोंगरी चौक पर ओवरपास के लिए 43 करोड़ 89 लाख 17 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

विभाग ने रायपुर में वी.आई.पी. रोड के फुंडहर चौक में ओवरपास के निर्माण के लिए 56 करोड़ सात लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। शहर के अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में ग्रेड सेपरेटर के निर्माण के लिए भी लोक निर्माण विभाग द्वारा 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

कला केंद्र रायपुर की खास पहल: बच्चों के लिए “समर कैंप 2026” का आयोजन

रायपुर। गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से कला केंद्र रायपुर द्वारा बच्चों के लिए “समर कैंप 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 15 अप्रैल से 30 मई तक तीन चरणों में आयोजित होगा। समर कैंप के दौरान बच्चों को संगीत, डांस, पेंटिंग, योग, शतरंज और स्पोकन इंग्लिश की ट्रेनिंग दी जाएगी। क्लासेस प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक संचालित होंगी। कैंप के लिए पंजीयन शुल्क 110 रुपए और प्रशिक्षण शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है।

बीजेपी का ‘गांव चलो अभियान’ कल से

भाजपा का ‘गांव चलो अभियान’ 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता गांवों का दौरा करेंगे। अभियान के दौरान मंत्री और विधायक ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। पार्टी की ओर से हर विधानसभा क्षेत्र में 50 गांवों का चयन किया गया है, जहां जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

आदिम जाति विकास विभाग की समीक्षा बैठक कल

रायपुर। आदिम जाति विकास विभाग की समीक्षा बैठक 6 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में होगी। बैठक का आयोजन सुबह 11 बजे नया रायपुर में किया जाएगा, जिसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही वित्तीय प्रबंधन को और मजबूत बनाने पर फोकस रहेगा। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की स्थिति का आकलन के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधानों पर भी चर्चा होगी।

रायपुर में आज

सन टू ह्यूमन साधना सत्र

सन टू ह्यूमन फाउंडेशन द्वारा ‘सन टू ह्यूमन’ साधना सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह सत्र रायपुर के झूलेलाल गार्डन (कटोरातालाब) में आयोजित होगा। यह साधना सत्र प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।

सामूहिक रांदल माता पूजा

श्री गुजराती ब्रह्म समाज महिला मंडल द्वारा सामूहिक रांदल माता पूजा का आयोजन आज किया जा रहा है। यह आयोजन न्यू टिम्बर मार्केट, त्रिमूर्ति नगर स्थित दया भवन में संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे से होगी।

झूलेलाल मंदिर का स्थापना दिवस

झूलेलाल मंदिर भोईपारा में मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस आयोजन का आयोजन श्रीराम मंडली एवं श्रीराम युवा मंडली द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से पूजा-अर्चना शुरू होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।