CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 11.30 बजे मेफेयर लेक रिसोर्ट में आयोजित खनिज साधन विभाग के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 3.15 बजे किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
झीरम घाटी हत्याकांड का आज आएगा फैसला
रायपुर. छत्तीसगढ़ के चर्चित झीरम कांड मामले में आज कोर्ट का फैसला आ सकता है. NIA कोर्ट दोपहर तक इस मामले में अपना निर्णय सुनाएगा. मामले में 101 गवाहों और 100 आरोपियों के बयानों के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 31 अगस्त को फैसला सुनाने की तारीख तय की थी. ऐसे में आज आने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
मौसम के अलर्ट के बीच गंगरेल बांध से छोड़ा पानी
आरंग. क्षेत्र में बीते दो महीनों से जारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा 3 सितंबर तक जारी अलर्ट के बीच सिंचाई विभाग ने गंगरेल बांध का पट (गेट) खोल दिया है. बांध से करीब 2500 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ा गया है. सिंचाई का यह पानी 58 मील से पहले स्थित ग्राम कुकरा फाल तक सोमवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. मौसम के मौजूदा मिजाज को देखते हुए पानी छोड़े जाने के इस फैसले पर किसान समुदाय में दोहरी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. इस वर्ष अच्छी मानसून वर्षा के कारण अधिकांश क्षेत्रों के खेतों में पर्याप्त नमी है, जिससे किसान फिलहाल अतिरिक्त सिंचाई पानी की जरूरत महसूस नहीं कर रहे हैं. स्थानीय किसानों की चिंता है कि ऐसे में नहर से छोड़ा गया पानी बड़ी मात्रा में इस्तेमाल हुए बिना नदी-नालों में बेकार बह जाएगा. वहीं विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह पानी पलारी क्षेत्र से आई मांग को पूरा करने के लिए छोड़ा गया है. रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार धान की बोवाई अलग-अलग समय पर हुई है, इसलिए यदि आगे मानसून थमता है, तो किसानों को लंबे समय तक पानी की आवश्यकता पड़ सकती है.
बस्तर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों की ट्रेनिंग का दूसरा दिन
रायपुर. बस्तर संभाग में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आज दूसरा दिन है. 1 सितंबर तक ट्रेनिंग चलेगी. पार्टी ने इसके लिए दिल्ली से विषय विशेषज्ञों को बुलाने के साथ प्रदेश के वरिष्ठ और संबंधित विषयों के जानकार नेताओं को भी जिम्मेदारी दी है. इसके बाद 5 से 7 सितंबर तक बिलासपुर संभाग, 10 से 12 सितंबर तक दुर्ग संभाग, 15 से 17 सितंबर तक सरगुजा संभाग और अंत में 20 से 22 सितंबर तक रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा.
नवा रायपुर में आज होगा क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स रोड शो
रायपुर. नवा रायपुर में आज क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स रोड शो का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इस दौरान टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा. रोड शो के दौरान खनिज क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे. साथ ही महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स की नीलामी और निवेश के अवसरों को लेकर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी.

UCC पर मुस्लिम समाज की बैठक कल
रायपुर. राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभकर दी गई है. इसके लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है. उक्त समिति को सुझाव देने के लिए रायपुर मुस्लिम समाज की ओर से एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया है. यह बैठक एक सितंबर मंगलवार को राजधानी के गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में आयोजित की जाएगी. बैठक में मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों द्वारा दिए गए सुझावों को एकत्रित किया जाएगा. इसके लिए रायपुर की समस्त मस्जिदों में जुमा को ऐलान के माध्यम से सूचना दी गई है. उक्त बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहर काजी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी उपस्थित रहेंगे और अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी करेंगे. मुस्लिम समाज के सुझावों को बैठक में एकत्रित कर शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समिति को सौंपा जाएगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


