CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 11 बजे लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 6:30 बजे निजी होटल में आयोजित निजी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. शाम 7:45 बजे गुड़ियारी के अवधपुरी मैदान में आयोजित विशाल दही हांडी कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री रात 8:55 बजे अपने निवास पहुंचेंगे.
शिक्षक दिवस पर 64 शिक्षकों का होगा सम्मान
रायपुर. शिक्षक दिवस के अवसर पर आज सुबह 11 बजे लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में प्रदेश के 64 शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा. राज्यपाल रमेन डेका के हाथों शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया जाएगा. वर्ष 2024-25 के राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 64 शिक्षकों का चयन किया गया है. वहीं, नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए 4 शिक्षकों को विशेष नवाचार पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
झीरम हत्याकांड मामले में आ सकता है फैसला
25 मई 2013 को हुए झीरम घाटी नक्सली हमले में 29 लोगों की जान गई थी. इस मामले में आज एनआईए कोर्ट के फैसले पर सबकी नजर रहेगी. करीब 13 साल से चली आ रही जांच और लंबे समय से जारी सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच कोर्ट का फैसला बेहद अहम माना जा रहा है.
दुर्ग में आज से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर
रायपुर. कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में आज से दुर्ग संभाग में ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा, जो 7 सितंबर तक चलेगा. पार्टी सभी संभागों में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी. इससे पहले बस्तर संभाग में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा चुका है. अब बस्तर के बाद दुर्ग संभाग में आज से ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा.

धमतरी में दो दिवसीय मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप
रायपुर. धमतरी में आज और कल दो दिवसीय मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप का आयोजन किया जाएगा. इसमें प्रदेशभर के डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और वीडियोग्राफर्स एक मंच पर जुटेंगे. Dhamtari YUVA अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवा क्रिएटर्स को डिजिटल कंटेंट और स्टोरीटेलिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी. वीडियोग्राफी, पर्सनल ब्रांडिंग और सोशल मीडिया एल्गोरिदम पर विशेष फोकस रहेगा. बस्तर, बिलासपुर, जगदलपुर, दुर्ग और धमतरी के चर्चित डिजिटल चेहरे अपने अनुभव साझा करेंगे. आयोजन का उद्देश्य गंगरेल जलाशय और धमतरी की संस्कृति व प्रकृति को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वैश्विक पहचान दिलाना है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



