CG Morning News :  रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह शाम 4 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में साइबर जागृति अभियान और ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे. वहीं 5:45 बजे से 6:45 बजे तक निजी होटल में आयोजित सेवा संकल्प कॉन्क्लेव में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 7:15 बजे सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित करमा तिहार-2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री रात 9:10 बजे सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान-2026 पर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

रायपुर. मतदाता पंजीकरण के विशेष अभियान-2026 को लेकर आज सुबह 10 बजे शास्त्री चौक स्थित निर्वाचन कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी.

दिल्ली प्रदर्शन में भूपेश बघेल होंगे शामिल

रायपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे. गुरुवार रात रायपुर से दिल्ली पहुंचे बघेल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के विरोध में विपक्ष के प्रदर्शन के चौथे दिन शामिल होंगे.

देवभोग-रायपुर मार्ग पर फिर चलेंगी बसें

रायपुर. देवभोग-रायपुर के बीच दो दिनों से जारी बस हड़ताल गुरुवार शाम पुलिस द्वारा गांजा तस्करी मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई. शुक्रवार से बसों का संचालन शुरू होगा. दरअसल, 4 अक्टूबर को गरियाबंद पुलिस ने रायपुर आ रही महेश ट्रैवल्स की बस से गांजा जब्त किया था. गांजा देवभोग से लगेज के रूप में रायपुर भेजा जा रहा था. पुलिस ने बस चालक अशोक यदु और कंडक्टर शमशुद्दीन समेत ओडिशा के ऑटो चालक भजन धुरवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. बस कर्मचारी संघों ने कार्रवाई के विरोध में बुधवार से हड़ताल शुरू की थी.

राष्ट्रीय डाक सप्ताह आज से, होंगे कई आयोजन

रायपुर. राष्ट्रीय डाक सप्ताह का आयोजन 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक किया जा रहा है. इसके तहत् छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के सभी संभागीय कार्यालयों में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम होंगे. डाक विभाग के अनुसार 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस पर डाक सप्ताह का शुभारंभ होगा. इस दिन रैली निकाली जाएगी, साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. 12 अक्टूबर को फन विद फिलाटेली दिवस मनाया जाएगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H