CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री साय आज रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. प्रख्यात फिल्मकार डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और संघर्ष से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया जाएगा. इस दौरान एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा. समारोह का आयोजन संचालनालय पुरातत्व परिसर में दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा.
रायपुर में आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
रायपुर. राजधानी में आज विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा. यात्रा दोपहर 3 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होगी. रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकलने वाली इस यात्रा को सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि हरी झंडी दिखाएंगे. तिरंगा यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से निकलकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक और तेलघानी नाका होते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेगी. इसके बाद यात्रा समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी से होते हुए गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. शाम 6 बजे भारत माता चौक पर भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा.
राजधानी में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन
रायपुर. शहर में शुक्रवार सुबह खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया है. यह दौड़ शहीद भगत सिंह चौक से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक आयोजित होगी. आयोजन में NSS, NCC, स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों के साथ मिडिल स्कूल से हायर सेकेंडरी स्तर तक के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस दौड़ के जरिए युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा.
स्वतंत्रता दिवस पर शराब दुकानें रहेंगी बंद
रायपुर. स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरे प्रदेश में शराब दुकानें बंद रहेंगी. इस दौरान देशी-विदेशी, कंपोजिट शराब दुकानें एवं मद्य भंडारण तथा एफएल-3 पर्यटन बार बंद रहेंगे. आबकारी विभाग ने 15 अगस्त को ड्राईडे घोषित किया है. गुरुवार को इस आशय का परिपत्र आबकारी आयुक्त ने जारी किया. जारी परिपत्र के अनुसार सभी देशी मदिरा, विदेशी मदिरा दुकान, कम्पोजिट मदिरा दुकानों एवं मद्य भंडारण भंडागार तथा एफ.एल.3 (ग) पर्यटन बार मद्य भंडागार एवं मदिरा दुकानों को संलग्न अहातों को ड्राई डे पर पूरी तरह से बंद रखा जाएगा.
आज छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का स्थापना दिवस
रायपुर. छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा 19वां कार्यालय स्थापना दिवस 14 अगस्त को न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन में मनाया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा. समारोह में प्रदेशभर से छत्तीसगढ़ी एवं अन्य स्थानीय बोलियों के साहित्यकार, लेखक और साहित्यप्रेमी शामिल होंगे. इस मौके पर आयोग द्वारा प्रकाशित 11 छत्तीसगढ़ी साहित्यिक पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल होंगे. वहीं वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन, संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे तथा रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल होंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


