CG Morning News, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का दिनभर शहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम निर्धारित है। इनमें भगवान विश्वकर्मा पूजा, श्रमिक महासम्मेलन, किसान-मजदूर सम्मेलन और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित भगवान विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां श्रमिक महासम्मेलन में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे से शाम 4:15 बजे तक बीरगांव के बुधवारी बाजार में रहेंगे। यहां वे भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं किसान-मजदूर सम्मेलन में शामिल होंगे।
कार्यक्रमों की कड़ी में मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे महादेवघाट, रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे आशीर्वाद का दीया महाआरती कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:35 बजे मुख्यमंत्री तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव पहुंचेंगे, जहां ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
BJP शुरू करेगी ‘सेवा संकल्प अभियान’
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन आज 17 सितंबर को मनाया जा रहा है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा की ओर से ‘वडनगर से काशी’ तक यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा को दो हिस्सों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 10 टोलियां शामिल होंगी। प्रत्येक टोली में 50 युवा कार्यकर्ता रहेंगे। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के 18 जिलों से होकर गुजरेगी।
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से संवाद करेंगे। खास तौर पर बस्तर में स्थानीय लोगों से संवाद किया जाएगा। बस्तर प्रवास के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को रेखांकित किया जाएगा।
कांग्रेस मनाएगी ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी की है। कांग्रेस आज 17 सितंबर को ‘महंगाई और बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस दौरान प्रदेशभर में जिलास्तरीय पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पत्रकार वार्ताओं में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा जाएगा। पार्टी की ओर से केंद्र सरकार के करीब 12 साल के कार्यकाल की कथित विफलताओं और वादाखिलाफी को जनता के सामने रखने की बात कही गई है।
कांग्रेस ने इसके लिए सभी जिला मुख्यालयों पर वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की जिम्मेदारी तय की है। ये नेता पत्रकार वार्ता के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए पार्टी का पक्ष रखेंगे।
विश्वकर्मा जयंती पर आज रायपुर में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन
रायपुर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आज राजधानी रायपुर में भव्य राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन दोपहर 12 बजे से बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
महासम्मेलन में प्रदेशभर से श्रमिक और श्रमवीर शामिल होंगे। इस दौरान श्रमिकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान का कार्यक्रम भी होगा। सम्मेलन के जरिए श्रमिकों की भूमिका और उनके हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बड़ी संख्या में कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी महासम्मेलन में शामिल होंगे।

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में आज से ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में आज 17 सितंबर से ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत होने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें मुस्कान के साथ सेवा प्रदान करना है।
अभियान के दौरान एयरपोर्ट परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों के आधार पर एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जा सकें।
अभियान के तहत यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एयरपोर्ट में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं, यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की सेवा गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी।
एयरपोर्ट प्रबंधन यात्रियों से मिलने वाले सुझावों और फीडबैक का उपयोग व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में करेगा। अभियान के दौरान सुविधाओं, स्वच्छता और यात्री सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



