CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और नवा रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे सिविल लाइन स्थित सीएम हाउस से रवाना होंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक नवा रायपुर में आयोजित तीज मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद शाम 3:40 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और शाम 5:30 बजे सिविल लाइन स्थित सीएम हाउस लौटेंगे. शाम 6 से 7 बजे तक मुख्यमंत्री साक्षात्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे.
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आज समापन
रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज अंतिम दिन है. बस्तर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के बाद रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे. बस्तर से शुरू हुए इस प्रशिक्षण शिविर के साथ प्रदेश के सभी ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण आज पूरा हो जाएगा.
CG Morning News : नवा रायपुर में आज तीज मिलन उत्सव
रायपुर. नवा रायपुर में आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पत्नी वीणा सिंह के साथ और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्नी कौशल्या साय के साथ शामिल होंगे. यह आयोजन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के बंगले में होगा. कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर से महिलाएं शामिल होंगी. इस दौरान पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन, लोक-संस्कृति और तीजा पर्व की झलक देखने को मिलेगी.
नहीं थमेंगे बसों के पहिए, हड़ताल स्थगित
रायपुर. छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ (बस ऑपरेटर यूनियन) ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 22 सितंबर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी. सोमवार को उपमुख्यमंत्री अरूण साव और परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश से मुलाकात के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई. महासंघ के पदाधिकारी अनवर अली, शिवेश सिंह, अकरम भाई, बिट्टू चहल, लोकेश्वर सिंह राजपूत, सिकंदर सिंह शेखों, खेमराज साहू, सुमित ताम्रकर और जावेद खान ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर परिवहन आयुक्त से मुलाकात की और 9 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की. परिवहन मंत्री से मिले आश्वासन के बाद महासंघ ने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया और कहा कि 22 सितंबर को बसों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा.
CG Morning News : कांग्रेस से फिर आप में लौटे 150 कार्यकर्ता
रायपुर. आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव जसबीर सिंह चावला की मौजूदगी में सोमवार को अंबिकापुर के 150 कार्यकर्ता पुनः कांग्रेस छोड़कर आप में लौट आए. इस मौके पर मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय विशेष रूप से मौजूद थे. दोनों आप नेताओं ने प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट जाने का संकल्प लिया है. कांग्रेस से वापस आप में लौटने वाले नूर हसन अली ने कहा कि भावनाओं में बहकर गलती कर बैठे, लेकिन गलती का जल्दी एहसास हो गया और उन्होंने घर वापसी कर ली. अब आम आदमी पार्टी को मजबूत करने और जनता के मुद्दों के लिए काम करेंगे.

आज नहीं बिकेगा मांस-मटन
रायपुर. नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर नगर निगम सीमा क्षेत्र में डोल ग्यारस पर्व 22 सितम्बर, अनंत चतुदर्शी 25 सितम्बर और पर्युषण पर्व में संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा पर 26 सितम्बर में मांस-मटन विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. महापौर मीनल चौबे ने कहा कि निर्देश का उल्लंघन करने वालों पर उनके सामानों की जब्ती के साथ ही व्यक्ति विशेष पर भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने जोन के अधिकारियों को मांस मटन विक्रय की दुकानों का सतत पर्यवेक्षण तथा पशुवध गृहों की भी मॉनिटरिंग का आदेश दिया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



