CG Morning News: रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में आयोजित ‘सेन शक्ति सम्मेलन एवं शिल्पी सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। CM साय दोपहर 01 बजे समारोह में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात CM साय दोपहर 02 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे।

‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम’ अभियान की धूम

छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान की धूम देखने को मिल रही है। अभियान के तहत 17 अगस्त तक राज्यस्तरीय देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन, 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और फिर 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ मनाया जाएगा।

भगवान शिव पर टिप्पणी मामले में अरुण पन्नालाल गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई कथित अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस भारी सुरक्षा के बीच उन्हें अपने साथ थाने लेकर गई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर अरुण पन्नालाल और हंसराज गोयल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया थ्रेड पर हिंदू देवी-देवताओं और विशेष रूप से भगवान शिव के खिलाफ की गई टिप्पणियों से सावन के पवित्र महीने में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप है। फिलहाल पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

रेलवे स्टेशन पर RPF ने 3800 पर की कार्रवाई

रायपुर: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके तहत रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई की गई।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान वर्ष 2025-26 में रेलवे अधिनियम की धारा 159 के अंतर्गत नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़े करने वाले 2,025 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों पर भी कार्रवाई की गई। दोनों अभियानों में कुल 3,805 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर को अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था से मुक्त रखना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

लगातार कार्रवाई जारी रहेगी

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन परिसर में नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने, अवैध रूप से फेरी लगाने या बिना अनुमति व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवे के नियमों का पालन करें और स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या रेलवे प्रशासन को दें। इससे स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी कर टिकट जांच

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच की। इस दौरान सभी प्लेटफार्म, 14 ट्रेनों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान में कुल 287 मामलों को दर्ज कर 2,45,835 रुपए जुर्माना वसूला. गया। बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री पकड़े गए वहीं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों को पकड़ा तथा अधिक लगेज लेकर यात्रा करने के 22 तथा गंदगी, धूम्रपान के 1-1 मामलों में कार्रवाई की गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m