CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 9 बजे रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 12 बजे नवा रायपुर के सेक्टर-22 स्थित अटल नगर में भूमिपूजन करेंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे मंत्रालय, महानदी भवन में स्टेट कैपिटल रीजन की बैठक लेंगे. दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री सीएम हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे. बैठक में हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और जिलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. 9 जून 2026 को शुरू हुई इस हेल्पलाइन पर शुरुआती चार महीनों में करीब 2 लाख शिकायतें दर्ज हुई हैं. बैठक में मुख्यमंत्री अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे. इसके बाद शाम 4:45 बजे वे हीरापुर स्थित गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे. शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर रात 9 बजे तक आयोजित रास गरबा कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे.

 रायपुर में आज भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 मैच

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज पहला महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने जा रहा है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होगा. शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में यह मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा. यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहला ऐसा मैच होगा, जिसकी कमान नई कप्तान स्मृति मंधाना संभालेंगी. वहीं पूर्व कप्तान हरमनप्रीत भी टीम में नजर आएंगी. तीन मैचों की इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को होगा. बतातें चलें कि यहभारतीय महिला टीम पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरेगी. इसके अलावा महिलाओं और युवतियों के लिए एंट्री फ्री रहेगी.

CG Morning News : बस किराया वृद्धि के खिलाफ शहर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

रायपुर. दिवाली से पहले बस यात्रियों को महंगे सफर का झटका लगा है. सरकार के बस किरायों में बढ़ोतरी को लेकर रायपुर शहर कांग्रेस आज अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल रायपुर में विरोध जताएगी. इस दौरान साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बस यात्रियों से मुलाकात कर महंगाई के चलते उन्हें हो रही परेशानियों और उनकी समस्याओं की जानकारी भी लेंगे. रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कार्यकर्ताओं से उपस्थिति देने के लिए कहा है.

CG Morning News : पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

रायपुर. छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. 13 अक्टूबर से शुरू हुई इस हड़ताल का आज चौथा दिन है. प्रदेश के सभी जिलों में पटवारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति और डिजिटल फसल सर्वे से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पटवारियों ने काम बंद कर दिया है. भू-अभिलेख संचालक के साथ हुई बैठक में भी कोई समाधान नहीं निकल सका. वहीं पटवारियों को काम करने या इस्तीफा देने की बात कहे जाने से संघ में नाराजगी है. हड़ताल के चलते नामांतरण समेत कई राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H