CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 अगस्त 2026 को रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे पुलिस परेड ग्राउंड से रवाना होकर 11:10 बजे टाउन हॉल, घड़ी चौक पहुंचेंगे. सुबह 11:15 से 11:45 बजे तक टाउन हॉल में ‘आजादी का गौरव’ छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद 11:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटकर आरक्षित रहेंगे. शाम को मुख्यमंत्री 5:45 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 5:50 बजे लोक भवन पहुंचेंगे. यहां शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद शाम 7:30 बजे लोक भवन से रवाना होकर 7:35 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे और वहां आरक्षित कार्यक्रम रहेगा.

डॉ. रमन राजनांदगांव, तोखन साहू बिलासपुर और मंत्री चौधरी रायगढ़ में फहराएंगे तिरंगा

रायपुर. 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे. बिलासपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जगदलपुर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे और जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे.

नागरिकों के लिए आज खुला रहेगा विधानसभा भवन

रायपुर. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा. विधानसभा में सुबह 8.30 बजे उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ ध्वजारोहण समारोह का आयोजन होगा.

पुलिस ने रोकी कांग्रेस की सत्याग्रह रैली

रायपुर. राजधानी में भाजपा और ईडी के खिलाफ कांग्रेस के धरने के बाद निकली सत्याग्रह रैली को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने और लौटने की नसीहतों के बाद विवाद की स्थिति बन गई. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रैली राजीव गांधी चौक से संस्कृति विभाग के समीप स्थित अंबेडकर चौक तक निर्धारित थी. इसी दौरान वहां मुक्ताकाशी मंच में मुख्यमंत्री को भी कार्यक्रम में पहुंचना था. इसके चलते पूरे मार्ग में जगह- जगह बैरिकेडिंग कर दी गई. पुलिस प्रशासन की समझाइश के बावजूद कांग्रेस नेता अपने पूर्व निर्धारित स्थल पर पहुंचने अड़े रहे. इसके बाद कांग्रेस की रैली निर्धारित स्थल पर पहुंच भी गई. ईडी दफ्तर के सामने राजीव गांधी चौक पर शहर जिला एवं रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में पहले कांग्रेसी जुटे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि हलद्वानी में भाजपा के सहयोगी संगठनों द्वारा किया गया कृत्य भाजपा की घृणित विचारधारा का परिचायक है. राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे दलित वर्ग से आते हैं, इसलिए उनके उपयोग करने से मंच को ये लोग अपवित्र मानने लगे. जातिगत भेदभाव का लोकतांत्रिक भारत में कोई स्थान नहीं है. हम लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघी भाजपाइयों के द्वारा भेदभावपूर्ण ऐसी ओछी मानसिकता का पुरजोर विरोध करते हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H