CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है. आज सुबह 11 बजे संसद भवन में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी. इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
PCC चीफ बैज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस (CG Morning News)
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज दोपहर 12:30 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान वे समसामयिक राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष रख सकते हैं. प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
वाराणसी से पवित्र माटी और जल का कलश पहुंचेगा रायपुर
रायपुर. वाराणसी से लाया गया पवित्र माटी और जल का कलश आज रायपुर पहुंचेगा. दोपहर 1 बजे श्री राम मंदिर में साधु-संतों की मौजूदगी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष कलश पूजन किया जाएगा. संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकली यह कलश यात्रा अम्बिकापुर और बिलासपुर से होते हुए रायपुर पहुंचेगी. पूजन के बाद पवित्र कलश प्रदेश के सभी संगठन जिलों में भेजे जाएंगे. वहीं, 4 अगस्त को पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को कलश वितरित किए जाएंगे, जिसके बाद यह अभियान 479 मंडलों तक पहुंचेगा.
मंत्री रामविचार पेश करेंगे अपने विभाग का रिपोर्ट कार्ड (CG Morning News)
रायपुर. कृषि मंत्री रामविचार नेताम आज दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी भी मौजूद रहेंगे. प्रेस वार्ता में कृषि, किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मत्स्यपालन और उद्यानिकी विभागों की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी.

रायपुर में आज के कार्यक्रम
टेंट एंड डेकोर एक्सपो
आयोजक – छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन
स्थान- अमुनिया बैंक्वेट हॉल
समय- सुबह 10 बजे से
पौधारोपण
आयोजक – महाराष्ट्र मंडल रायपुर
स्थान- सत्य साई हॉस्पिटल परिसर, नवा रायपुर
समय- सुबह 11 बजे से.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


