रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे निवास से छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए रवाना होंगे। वहां वे विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेंगे और विभिन्न विषयों पर चर्चा के दौरान मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे तक विधानसभा में रहेंगे। आज के सत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और विधायी कार्य होने की संभावना है, जिसमें मुख्यमंत्री की भूमिका अहम मानी जा रही है।

रायपुर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस पार्टी महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है। यह विरोध प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे घड़ी चौक पर आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान रसोई गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करेंगे। पार्टी का कहना है कि बढ़ती महंगाई और आम जनता की परेशानियों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है और घड़ी चौक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा सकती है।

चेट्रीचंड्र आज, सिंधी समाज निकालेगी शोभायात्रा

रायपुर। चेट्रीचंड्र महोत्सव के तहत आज सिंधी समाज शोभायात्रा निकालेगी। छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत की युवा विंग द्वारा एमजी रोड पर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। यह शोभायात्रा शुक्रवार को लाखेनगर से निकलकर शहर भ्रमण के बाद यहां पहुंचेगी। आयोजन में मुंबई से आए कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक, देव आशीष गुरु और भूमिका मीरचंदानी शामिल होंगे। महापंचायत के अध्यक्ष अमर गिदवानी व प्रवक्ता दिनेश आनंद अठवानी ने बताया कि स्वागत में विशेष आतिशबाजी की जाएगी।

रायपुर में तीन दिन मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

रायपुर। राजधानी रायपुर में धार्मिक पर्वों के मद्देनजर तीन दिनों तक मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। जारी निर्देश के अनुसार 20 मार्च को चेट्रीचंड, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर शहर में सभी मांस-मटन की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यह आदेश महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर जारी किया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन दिनों किसी भी होटल, ढाबा या दुकान में मांसाहार की बिक्री करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे आदेश का पालन सुनिश्चित करें, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखा जा सके।

हथबंद-भाटापारा सेक्शन में 21-22 को 8 ट्रेनें रद्द

रायपुर। रायपुर मंडल के हथबंद- भाटापारा सेक्शन में गर्डर डीलॉन्चिंग कार्य के चलते 21 मार्च रात 11 बजे से 22 मार्च रात 3 बजे तक 4 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान 8 मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि दो ट्रेनें बीच मार्ग में ही समाप्त की जाएंगी। रेलवे के अनुसार, रायपुर- बिलासपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर, बिलासपुर- रायपुर, कोरबा-रायपुर और रायपुर- इतवारी मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर भी 23 मार्च को रद्द रहेंगी। इसके अलावा 22 मार्च को गोंदिया- झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से ही रवाना होगी, जबकि झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर में ही समाप्त कर दी जाएगी।

चैत्र नवरात्र का दूसरा दिन आज, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा में जुटे श्रद्धालु

रायपुर। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व का आज दूसरा दिन है। नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु व्रत रखकर माता की भक्ति में लीन हैं और मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर के मंदिरों और देवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कई प्रमुख मंदिरों में लंबी कतारें हैं, जहां श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी तप, त्याग और साधना की प्रतीक हैं। इस दिन उनकी पूजा करने से भक्तों को संयम, धैर्य और आत्मबल की प्राप्ति होती है।