CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई बैठकों में शामिल होंगे. वह सुबह 10:30 बजे सीएम हाउस में बैठक करेंगे. इसके बाद 11 बजे महानदी भवन नया रायपुर के लिए रवाना होंगे. जहां 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे. वहीं दोपहर 1 से 4 बजे तक मंत्रालय में कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे. शाम 4:30 बजे फाफाडीह चौक में नशा मुक्त भारत अभियान की पदयात्रा में शिरकत करेंगे. इसके अलावा रात 8 बजे से 9:30 बजे तक मुख्यमंत्री निवास में बैठक लेंगे.
साय कैबिनेट की बैठक
रायपुर. साय कैबिनेट की आज बैठक होने जा रही है. इस बैठक में कई अहम फैसले होने की संभावना है. CGPSC में अध्यक्ष नियुक्ति पर फैसला लिया जा सकता है. सरकारी कर्मचारियों के लंबित डीए पर चर्चा की जा सकती है. भर्ती और रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभव है. इसके अलावा महिलाओं और खनन क्षेत्र से जुड़े बड़े फैसलों पर सामने आ सकते हैं.
खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए ट्रायल आज से
रायपुर. खेल विभाग की डे-बोर्डिंग एकेडमी के लिए 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा. ट्रायल के आधार पर गैर आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी, हॉकी और एथलेटिक्स तथा बालिकाओं के फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा. इस ट्रायल में भाग लेने इच्छुक खिलाड़ी 30 सितम्बर को रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक पंजीयन करा सकते हैं. चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कॉर्ड, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि के उल्लेख वाली प्रमाणित अंकसूची उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 30 सितम्बर को खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा. वहीं 1 अक्टूबर को खेल कौशल का परीक्षण होगा. चयन ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, तीरंदाजी एरिना बालिका खेल छात्रावास के सामने और हॉकी स्टेडियम पिच-02 में सुबह 7 बजे से आयोजित किए गए हैं. इस ट्रायल में 17 से 17 वर्षीय आयु वर्ग के खिलाड़ियों को ही मौका दिया जाएगा. खेल अकादमी संचालन नियम 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा एवं खेलवृत्ति आदि सुविधाएं शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी.
विशेष पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए आज शिविर
बिलासपुर. लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विशेष पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए 30 सितंबर 2026 को बिलासपुर में विशेष पेंशन प्रकरण निराकरण शिविर आयोजित किया जाएगा. यह शिविर कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन, बिलासपुर संभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है. शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. शिविर में लोक निर्माण विभाग से संबंधित लंबित एवं विशेष पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी. विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों से अपने पेंशन प्रकरणों से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर लाभ उठाने की अपील की गई है.

राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राज्योत्सव एवं राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा विभागीय प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों एवं प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया. इसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत, अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ भविष्य की दिशा और विकास पर फोकस रखने के निर्देश दिए. राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए. संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है. राज्य स्तरीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम-तूता में प्रस्तावित है. सीएसआईडीसी, एनआरडीए, लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आंबटन, विकास प्रदर्शनी की व्यवस्था, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक एवं बैरिकेटिंग की जिम्मेदारी दी गई है. जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स द्वारा प्रचार-प्रसार और हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था की जाएगी. नगर निगम रायपुर एवं एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था करेंगे. जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग चिकित्सा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


