CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह सुबह 11 बजे रायपुर के मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे. जहां वह नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे. कार्यक्रम के तहत 200 सीटर छात्रावास और कैंसर भवन की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे मेडिकल छात्रों और चिकित्सकों को बेहतर आवासीय एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी. इसके बाद दोपहर 3:15 बजे पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय में आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वीं पुण्यथिति कार्यक्रम में शामिल होंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली रवाना होंगे
रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार सुबह 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली में वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा, उनके अन्य राज्यों के दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
समोदा का कार्यक्रम स्थगित, CM साय का दौरा टला
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 6 जुलाई को प्रस्तावित समोदा दौरा स्थगित कर दिया गया है. अपरिहार्य कारणों के चलते कार्यक्रम 9 जुलाई को होने तय किया गया है. इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री समोदा और आरंग क्षेत्र में 112 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वाले थे. कार्यक्रम में 21.67 करोड़ रुपये के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण और 90.34 करोड़ रुपये के 29 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित था. इसके अलावा, नवा रायपुर के कोटरा भाठा में 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का भी भूमिपूजन होना था. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के शामिल होने का कार्यक्रम था.
भाजपा के सहयोग केंद्र में आज मंत्री बघेल
रायपुर. भाजपा मुख्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में सोमवार को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनेंगे. मंत्री श्री बघेल दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक ठाकरे परिसर में बैठेंगे. इसके पहले मुलाकात करने वालों को दोपहर 12 बजे से पंजीयन कराना अनिवार्य होगा.
जल जीवन मिशन के भुगतान विवाद पर राजधानी में बड़ा प्रदर्शन
रायपुर. जल जीवन मिशन और अन्य निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान को लेकर आज राजधानी रायपुर में प्रदेशभर के ठेकेदार बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे. छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में विभिन्न जिलों से ठेकेदार और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. प्रदर्शनकारी नीर भवन का घेराव कर लंबित भुगतान जारी करने, अफसरशाही पर कार्रवाई और निर्माण कार्यों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग करेंगे. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद कर चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा.
प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक काली मंदिर तिराहा, कबीर चौक और पीडब्ल्यूडी चौक के आसपास यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है.

भारी बारिश में स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग
रायपुर. छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा कि भारतीय मौसम विभाग की भारी वर्षा चेतावनी और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रणाली के सरकारी अलर्ट एसएमएस के बावजूद प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित नहीं किया, जिससे जलभराव और बाधित यातायात के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को परेशानी हुई. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश में छोटे बच्चों का स्कूल जाना उनकी सेहत के लिए भी जोखिमपूर्ण है. यदि अगले दिन भारी वर्षा की संभावना हो, तो शासन और जिला प्रशासन एक दिन पहले ही स्कूलों में अवकाश घोषित कर दें, ताकि बच्चों और अभिभावकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

