CG Morning News : रायपुर. रक्षाबंधन त्योहार से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव सायप्रदेश की बहनों को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री आज महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे. 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी. मुख्यमंत्री साय आज सुबह रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित स्नेह की डोर कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वह बालोद जिले के दौरे के लिए रवाना होंगे. यहां डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह मिनी स्टेडियम में आयोजित मातृ शक्ति सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे. करीब 5 हजार बिहान दीदियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं का सम्मान किया जाएगा. साथ ही महतारी वंदन योजना की राशि हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी. रायपुर लौटने के बाद वह भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक में शामिल होंगे.
CG Morning News: छत्तीसगढ़ बीजेपी में आज से दो दिवसीय मंथन
रायपुर. छत्तीसगढ़ बीजेपी में आज से दो दिनों तक संगठन को लेकर मंथन का दौर चलेगा. बैठक में जिला अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी. इस दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी. बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहेंगे.
CG Morning News: मंत्री राजेश जनता के सामने रखेंगे अपने विभाग का रिपोर्ट कार्ड
रायपुर. कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल आज पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की गतिविधियों और उपलब्धियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन भी विभागीय कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 12:30 बजे छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित होगी.
नवा रायपुर में 119.89 करोड़ की आवासीय परियोजना का शिलान्यास
रायपुर. नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में आज आवास निर्माण परियोजना का शुभारंभ होगा. दोपहर 12 बजे आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी 119.89 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे. परियोजना के तहत 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा. वहीं, आवासों की बढ़ती मांग को देखते हुए आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे.

आज सभी जिले में शिक्षक निकालेंगे टीईटी मुक्ति रैली
रायपुर. छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर 25 अगस्त को सेवा सुरक्षा के लिए प्रत्येक जिले में शिक्षक टीईटी मुक्ति रैली निकालेंगे. रैली के बाद जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, सचिव एवं संचालक के नाम ज्ञापन सौंपेंगे. मोर्चा के प्रदेश संयोजक मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने कहा है कि टीईटी मुक्ति रैली के लिए शिक्षकों ने बड़ी तैयारी की है. बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अवकाश लिया है. मोर्चा का दावा है कि शिक्षकों के अवकाश लेने की वजह से मंगलवार को हजारों स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित रहेगी. पदाधिकारियों कहा कि शिक्षक अपनी सेवा शर्त के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं. शिक्षकों के हित में जब तक फैसला नहीं होगा, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा रणनीति बनाकर और तर्क व तथ्य के आधार पर शिक्षकों को उनका हक दिलाएगा. शिक्षकों के भर्ती व पदोन्नति नियम में किसी भी प्रकार से टीईटी की बाध्यता नहीं है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


