CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे. वे दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) जाएंगे, जहां छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 3:40 बजे लाभांडी स्थित कंवर भवन में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम के बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

शिवसेना का आज धरना-प्रदर्शन (CG Morning News)

रायपुर. हिंदू एवं सनातन धर्म के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक बयानबाजी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने के विरोध में शिवसेना छत्तीसगढ़ द्वारा 22 अगस्त को राजधानी के नवीन बाजार में एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. छत्तीसगढ़ शिवसेना के प्रदेश प्रवक्ता संतोष शुक्ला ने बताया कि प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार की अध्यक्षता में होने जा रहे इस धरने में प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी और शिव सैनिक उपस्थित रहेंगे.

92 किलो दूषित मिठाईयां कराई गई नष्ट

रायपुर. बलौदाबाजार-भाटापारा के गुरुनानक वार्ड में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 92 किलो चमचम मिठाई जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दी. निरीक्षण के दौरान मिठाई का निर्माण गंदगी और मक्खियों के बीच होता पाया गया. वहीं, संचालक खाद्य लाइसेंस या पंजीयन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद विभाग ने मिठाई निर्माण का काम तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया.

बातों-बातों में 

रायपुर. आकाशवाणी के प्रादेशिक समाचार एकांश के कार्यक्रम “बातों-बातों में” में इस बार ‘कोंडागांव जिले में शुरू किए गए ‘हीलर हर्बल गार्डन योजना’ पर केंद्रित औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम से ली गई भेंटवार्ता का प्रसारण किया जाएगा. इसका प्रसारण आज अगस्त को आकाशवाणी केन्द्र रायपुर द्वारा एफ.एम. और प्राईमरी चैनल पर सुबह नौ बजे से किया जाएगा. इसे छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केंद्र रिले करेंगे.

UCC के प्रारूप पर मंथन

रायपुर. छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता  (Uniform Civil Code – UCC) लागू करने और इसका प्रारूप तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में आगामी 27 अगस्त 2026 को राजधानी के कन्वेंशन हॉल, न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन, रायपुर में एक राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जा रही है.

न्यायिक सेवा परीक्षा के लिए वकालत का अनुभव घटकर 1 साल

रायपुर. सर्वोच्च न्यायालय ने प्रवेश स्तर की न्यायिक सेवा परीक्षाएं देने के संबंध में विधि स्नातकों के लिए अनिवार्य तीन वर्ष की वकालत की अवधि घटाकर एक वर्ष कर दी है. न्यायालय ने इस बारे में पिछले वर्ष के अपने ही फैसले में संशोधन किया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति ए जी मसीह और के विनोद चन्द्रन की पीठ ने पुर्नसमीक्षा को खारिज करते हुए दो-एक से यह फैसला दिया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H