CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से वापस रायपुर लौटेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन से रवाना होंगे और 11:15 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 12:10 बजे वे रायपुर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री दोपहर 2:05 बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से 2:35 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन पहुंचेंगे. इसके बाद राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होगे.

कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह आज

रायपुर. चीनी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस आज प्रदेशभर में ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला मुख्यालयों में एक दिन प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं. निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अग्रिम संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ, निर्वाचित प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेताओं समेत सभी स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो.

आज नहीं मिलेगा नॉन वेज और शराब 

रायपुर. राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर सितंबर महीने में सात दिन शहर में मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी. इसी के साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दिन राज्य शासन के निर्देश पर ड्राई डे घोषित कर शराब बिक्री पर भी रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है. महापौर मीनल चौबे ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी 4 सितम्बर, पर्यूषण पर्व प्रथम दिवस 7 सितम्बर, श्री गणेश चतुर्थी 14 सितम्बर, पर्यूषण पर्व का अंतिम दिवस 15 सितंबर, डोल ग्यारस पर्व 22 सितम्बर, अनंत चतुदर्शी 25 सितंबर और पर्यूषण पर्व में संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा 26 सितम्बर को निगम सीमा क्षेत्र में मांस-मटन बिक्री केंद्र बंद रहेंगे. इस दौरान पशुवध गृहों को भी बंद रखने का आदेश जारी कर दिया गया है. इस आदेश के परिपालन में निगम के सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी, सभी जोन स्वच्छता निरीक्षक को अपने-अपने क्षेत्र में मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया है. इस दौरान मांस-मटन विक्रय करते पाए जाने पर संबंधित स्थल पर तत्काल उसकी जब्ती करते हुए संबंधित व्यक्ति और संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

जन्माष्टमी आयोजन को लेकर एडवाइजरी जारी

रायपुर. जन्माष्टमी आयोजन को लेकर धर्म स्तंभ काउंसिल ने एडवाइजरी जारी की है. यह एडवाइजरी मठ-मंदिरों और मंदिर समितियों के लिए जारी की गई है, जिसमें धर्मसम्मत तरीके से जन्माष्टमी का आयोजन कराने की अपील की गई है. काउंसिल ने पूजा-अर्चना, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, भजन-कीर्तन और धार्मिक झांकियों को प्राथमिकता देने की बात कही है. साथ ही दही-हांडी लूट के दौरान सनातन परंपरा और मंदिर की मर्यादा का ध्यान रखने तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले आयोजनों से बचने की अपील की गई है. काउंसिल ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की भी सलाह दी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H