CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री जशपुर दौरे के बाद शाम 4:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके 10 मिनट बाद शाम 4:35 बजे वे अपने निवास जाएंगे. 

सहायक ग्रंथपाल प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी) ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सहायक ग्रंथपाल के रिक्त 7 पदों के लिए गत 26 जुलाई को राज्य के 12 परीक्षा केंद्रों में प्रारंभिक लिखित परीक्षा का आयोजन किया था. शुक्रवार को प्रारंभिक लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए. साथ ही मुख्य परीक्षा के आयोजन की तिथि आगामी 10 अक्टूबर निर्धारित की गई. प्रारंभिक परीक्षा में 7 पदों के लिए 15 गुणा अर्थात 105 अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था, लेकिन उपलब्धता के आधार पर 115 अभ्यर्थी चिन्हाकित किए गए.

कॉलेजों में दाखिले की बढ़ी तारीख

रायपुर. राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में प्रवेश की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ा दी है. राज्य के जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अभी भी सीटें रिक्त हैं, वहां छात्र अब 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे. इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है. इससे पहले विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की समय सीमा 31 जुलाई तक और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक तय की गई थी. लेकिन अंतिम तिथि बीतने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें खाली रह गई थीं और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई अभ्यर्थी समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे. इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए शासन ने तिथि विस्तार का यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है. दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के कई मेधावी युवा विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके थे. हम नहीं चाहते कि तिथियों के फेर में किसी भी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए. उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं. ताकि पढ़ाई एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार संपन्न हो सके तथा सेमेस्टर परीक्षाएं निर्धारित समय पर हो सके.

E-20 पेट्रोल के खिलाफ AAP करेगी जनता से संवाद 

रायपुर. आम आदमी पार्टी (आप) ने ई-20 पेट्रोल के खिलाफ सोमवार को राजधानी के समता कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया है. यह कार्यक्रम दोपहर 3.30 बजे प्रस्तावित है. पार्टी के नेता ई-20 पेट्रोल से वाहनों को होने वाली समस्याओं और उपभोक्ताओं की चिंताओं पर चर्चा करेंगे. आप नेताओं ने बताया कि ई-20 को लेकर देशभर में बहस चल रही है. ई-20 की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, किंतु केंद्र सरकार उपभोक्ताओं की शिकायतों की स्वतंत्र व वैज्ञानिक जांच कराने के बजाय नजरअंदाज कर रही है.

खुली कुश्ती प्रतियोगिता आज

रायपुर. श्रीशंकर सेवा समिति के तत्वावधान में नागपंचमी पर्व पर आज 2 बजे से शुक्रवारी बाजार गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ स्तरीय खुली कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.