CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर 12:25 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्रालय में रहेंगे. इस दौरान वे विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे. इसके बाद शाम 5:25 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आज से खेलों का महाकुंभ

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज से 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा. चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 18 से 21 अगस्त तक चलेगी. पेंड्रा के फिजिकल कॉलेज खेल मैदान में होने वाले उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे. प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से करीब 540 खिलाड़ी शामिल होंगे. 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताइक्वांडो और कबड्डी जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाएंगे.

रायपुर में आज राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज

रायपुर में आज राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी. इसके बाद 20 अगस्त को पूरे प्रदेश में व्यापक मॉक ड्रिल होगी. बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में राहत और बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा. आपदा प्रबंधन को लेकर NDMA की ओर से जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिसमें राहत एवं बचाव कार्य में शून्य देरी पर विशेष फोकस रहेगा.

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

रायपुर. खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल आज दोपहर 1 बजे संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ढाई साल की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग की योजनाओं और कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी. सचिव रीना बाबा कंगाले भी इस दौरान मौजूद रहेंगी.

अर्चना के ‘ईको ब्रिक बैंक’ का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

रायपुर. रायगढ़ जिले की पीएमश्री सेजेस धरमजयगढ़ की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अर्चना एक्का के नवाचार ‘ईको ब्रिक बैंक’ का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है. अर्चना ने प्लास्टिक कचरे को संसाधन के रूप में उपयोग कर उससे फर्नीचर सहित उपयोगी वस्तुएं बनाने की पहल की है. अर्चना की यह पहल विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के लिए प्रेरित कर रही है.

सहयोग केंद्र में आज मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सहयोग केंद्र में आज कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहेंगी. जहां वह कार्यकर्ताओं से संवाद और उनकी समस्याओं की समस्याएं सुनेंगी. वह दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H