CG Morning News : रायपुर. CM विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. वह दोपहर 12 बजे के करीब पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुचेंगे. जहां आयोजित ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम में शैक्षणिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों  का सम्मान किया जाएगा.

1 .45 लाख से अधिक श्रमिकों को मिलेगी बड़ी आर्थिक सहायता

रायपुर. प्रदेश के 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों और उनके परिवारों को आज बड़ी आर्थिक सहायता मिलेगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 39.67 करोड़ रुपये की राशि DBT के माध्यम से सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे. इस राशि से श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान ही राशि का अंतरण किया जाएगा.

भूपेश आज जाएंगे दिल्ली

रायपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 24 अगस्त को दिल्ली जाएंगे. इस दौरान वे पार्टी के संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे. वहीं उनकी अन्य राष्ट्रीय नेताओं से भी मुलाकात हो सकती है. पूर्व सीएम सुबह लगभग 9 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल से नियमित विमान से दिल्ली के लिए उड़ेंगे. करीब सवा 11 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद पहले सीधे छत्तीसगढ़ भवन जाएंगे. पूर्व सीएम रात्रि विश्राम भी दिल्ली में ही करेंगे. फिलहाल उनकी रायपुर वापसी का कार्यक्रम तय नहीं हो पाया है. दिल्ली से उनके पंजाब जाने की भी चर्चा है.

सुकमा में आज लगेगा मेगा आयुष्मान कैंप

रायपुर. सुकमा जिले में अधिक से अधिक पात्र लोगों को शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए 24 अगस्त, सोमवार को छिंदगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों में मेगा आयुष्मान कैंप का आयोजन किया जाएगा. कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में 186 टीमें तैनात रहेंगी. मेगा कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएंगी. कैंप का आयोजन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अपनी सुविधा के अनुसार कैंप में पहुंचकर कार्ड बनवा सकें. जिला समन्वयक आयुष्मान कार्ड अमृतेश ठाकुर ने बताया कि छिंदगढ़ विकासखंड के 30 गांवों में कैंप लगाए जाएंगे. इनमें कुन्ना, मिचवार, डब्बा, पुसगुन्ना, कुंदनपाल, अधिकारीरास, पालेम, पेरमारास, कावराकोपा, चिड़पाल, कंकेपाल, टाहकवाड़ा, चियुरवाड़ा, टोंगरास, बोदरास, पेदारास, कुकानार, कोडरीपाल-2, सौतनार, कोकावाड़ा, गुम्मा, नेतानार, तालनार, गंजेनार, कवासीरास, उरमापाल, गुड़रा, मेखावाया, चिपुरपाल और केरातोंग शामिल हैं.

हुसैनी सेना की निकलेगी बाइक रैली

रायपुर. पैगम्बरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ‘ईद मिलादुन्नबी’ के अवसर पर सोमवार को हुसैनी सेना की बाइक रैली अपरान्ह 3 बजे बंजारी वाले बाबा की दरगाह के सामने औलिया चौक से निकाली जाएगी. यह रैली शहर भ्रमण करती हुई संतोषी नगर-संजय नगर आकर समाप्त होगी. जिसे सर्व समाज से प्रमुख जन अमरजीत सिंग छाबड़ा अध्यक्ष-अल्पसंख्यक आयोग, डॉ. सलीम राज अध्यक्ष- व.क्फ बोर्ड, मसीह समाज के राजेश जोन पॉल, सत्यनारायण शर्मा, ललित मिश्रा सर्व ब्राह्मण समाज समेत हुसैनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहिल रउफी, सरपरस्त नईम अशरफी रिजवी, उपाध्यक्ष कय्यूम अली, रफीक गोठिया, शेख अमीन झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H