रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को रायगढ़ और राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम रायगढ़ में आयोजित ‘नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ और तमनार क्षेत्र में आयोजित ‘करमा पूजा उत्सव’ में शामिल होंगे। शाम 5:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री शाम 7:15 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। इसके बाद रात 9:35 बजे मुख्यमंत्री राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां रात 10:30 बजे तक उनका कार्यक्रम निर्धारित है। रात 11:58 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन वापस लौटेंगे।

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी संघ और शासन के बीच मांगों को लेकर हुई बातचीत बेनतीजा रही। मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति देने और डिजिटल फसल सर्वेक्षण में आ रही तकनीकी व व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पटवारी आंदोलन कर रहे हैं। बैठक और विभागीय स्तर पर सामने आए रुख को लेकर पटवारी संघ में असंतोष है। काम करने या इस्तीफा देने की बात को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है। पटवारी अपनी मांगों पर स्पष्ट निर्णय चाहते हैं और उनका कहना है कि समस्याओं का समाधान किए बिना हड़ताल खत्म करना संभव नहीं है। पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर राजस्व विभाग से जुड़े कामों पर पड़ने लगा है। फसल सत्यापन, किसान पंजीयन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में देरी की आशंका है।

पंचमी पर मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना में जुटे श्रद्धालु

रायपुर। नवरात्रि का आज पांचवां दिन है। इस अवसर पर मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त मां के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में गूंज रहे माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता की आराधना करने से भक्तों को सुख-समृद्धि, शांति और संतान सुख का आशीर्वाद प्राप्त होता है। मां स्कंदमाता को भगवान कार्तिकेय की माता के रूप में पूजा जाता है। उनका स्वरूप ममता, वात्सल्य और करुणा का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि के चलते देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

चार खेलों के स्कूल स्टेट आज से, 750 खिलाड़ी होंगे शामिल

रायपुर। 26वीं स्टेट लेवल स्कूल गेम्स प्रतियोगिता 15 से 18 अक्टूबर तक रायपुर में होगी। जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के करीब 750 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनके साथ करीब 150 अधिकारी भी रहेंगे। चार खेलों में मुकाबले होंगे। ताइक्वांडो में अंडर 14 और अंडर-19, साइकिलिंग में अंडर-14, 17 और 19, हॉकी में अंडर-14 बालक और रोलर स्केटिंग में अंडर-11, 14, 17 और 19 के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता नॉकआउट फॉर्मेंट में कराई जाएगी। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी अलग-अलग स्कूलों और संस्थानों में की गई है। आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूल स्तर के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देना है। यह जानकारी सहायक जिला खेल अधिकारी छाया प्रकाश राव ने दी।

जिला युवा उत्सव के लिए पंजीयन कल तक

रायपुर। युवा उत्सव 2026-27 में शामिल होने के लिए रायपुर जिले के 15 से 29 वर्ष के युवा कलाकार 16 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित उत्सव में जिला स्तर के विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पंजीयन आरंग, अभनपुर, तिल्दा और धरसींवा के जनपद पंचायत सीईओ कार्यालयों में होगा। उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉकबैंड सहित नौ विधाएं शामिल हैं। हालांकि रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर होगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H