CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे। दोपहर 1 बजे वे डोंगरगढ़ के नादिया स्थित कबीर मठ आश्रम में आयोजित फाल्गुन महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे रायपुर स्थित अपने निवास लौटेंगे।

छत्तीसगढ़ में आज से 7 मार्च तक मनाया जाएगा जन औषधि सप्ताह

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से 7 मार्च तक जन औषधि सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “जन औषधि : सस्ती भी, भरोसेमंद भी” रखी गई है। सप्ताहभर प्रदेशभर में विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां मुफ्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लोगों को जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं और उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 6 मार्च को राजधानी रायपुर में जन औषधि पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं 7 मार्च को रायपुर में राज्य स्तरीय जन औषधि दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

“विकसित भारत युवा संसद 2026” का जिला स्तरीय आयोजन आज

रायपुर। “विकसित भारत युवा संसद 2026” का जिला स्तरीय आयोजन आज राजधानी रायपुर के पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से होगी। इस आयोजन में 150 से अधिक युवा प्रतिभागी लोकतांत्रिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और देश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में किया जा रहा है।

अपने स्टेडियम में सेमीफाइनल खेलेगा छत्तीसगढ़

रायपुर। बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी क्रिकेट का सेमीफाइनल 1 से 4 मार्च तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ का मुकाबला तमिलनाडु से होगा। इस मैच को देखने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने स्टेडियम के गेट नंबर-1 से दर्शकों को निःशुल्क एंट्री दी है।

डीटीपी ऑपरेटर, ग्राफिक्स डिजाइटर भर्ती परीक्षा आज

रायपुर। मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग में समूह-3 डीटीपी ऑपरेटर एवं ग्राफिक्स आर्ट डिजाइनर के पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा 1 मार्च को परीक्षा आयोजित की गई है। परीक्षार्थियों को दो घंटे पहले केंद्र में पहुंचना होगा और मूल फोटो आईडी लेकर आना अनिवार्य है। बिना मूल आईडी के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे, नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंगके कपड़े पहनना वर्जित होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।

भाजपा का संगठनात्मक प्रशिक्षण अभियान आज से तेज

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक प्रशिक्षण अभियान आज से और तेज हो गया है। प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यशालाओं में नए पदाधिकारियों को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और कार्य पद्धति की जानकारी दी जाएगी। बताया जा रहा है कि मुंबई में प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे 28 मास्टर ट्रेनर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रदेशभर के मंडल और जिला स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस-भाजपा के उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला करेगा केंद्रीय नेतृत्व

रायपुर। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। 26 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, हालांकि अब तक किसी भी दल ने आधिकारिक रूप से नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है। विधानसभा के संख्या बल को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार को 31 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी। कांग्रेस में संभावित नामों को लेकर मंथन जारी है। वहीं भाजपा भी स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता देने के मूड में नजर आ रही है। बता दें कि 9 अप्रैल को राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

रायपुर नगर निगम में BJP सरकार के एक साल पूरे

रायपुर नगर निगम में बीजेपी के एक साल पूरे हो गए है। इस बीच आज कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इस दौरान वे नगर निगम के एक साल के कार्यकाल की खामियों और अधूरे कामों को लेकर सवाल उठाएंगी।

राज्य महिला आयोग की पहल, 8 से 13 मार्च तक महा जनसुनवाई सप्ताह

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर प्रदेशभर में 8 से 13 मार्च तक महा जनसुनवाई सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत राज्य के सभी 33 जिलों में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि महिलाओं को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय मिल सके।

रायपुर में आज

दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह

रायपुर में आज दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विकलांग चेतना परिषद एवं सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आशीर्वाद भवन, बैरनबाजार में आयोजित होगा। सुबह 10 बजे से सामूहिक विवाह की रस्में संपन्न होंगी, जबकि शाम 4 बजे से नवविवाहित जोड़ों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया जाएगा।

महिला शक्तियों का सम्मान

रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में आज महिला शक्तियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन संस्था लाहोटी मित्र मंडल की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा।

श्रीराम कथा और भक्ति सत्संग का आयोजन

शंकरनगर स्थित बीटीआई मैदान के सामने सिंधु पैलेस में श्रीरामकिंकर आध्यात्मिक मिशन द्वारा श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में कथावाचन दीदी मंदाकिनी द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:30 बजे से भक्ति सत्संग के साथ होगी, जो 6:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा।