CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे एक निजी होटल में आयोजित सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:10 बजे से शाम 5:30 बजे तक मुख्यमंत्री विधानसभा सत्र में हिस्सा लेंगे और सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।

विधानसभा बजट सत्र का आज पांचवां दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और राजेश अग्रवाल अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रश्नों के जवाब देंगे। सदन में राज्य विद्युत नियामक आयोग, मनरेगा और गौसेवा आयोग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 149 B बायपास जमीन मुआवजा मामला गूंजेगा। साथ ही रामचंद्रपुर के पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र से वंचित किए जाने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसके अलावा याचिकाएं और विभिन्न समितियों की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 दिसंबर 2025 के प्रश्नोत्तरी के उत्तर को लेकर विशेष वक्तव्य देंगे। वित्तीय वर्ष 2026–27 के आय-व्यय पर सामान्य चर्चा भी जारी रहेगी। वहीं भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में उन्नत करने के लिए अशासकीय संकल्प लाया जाएगा। आदिवासी छात्रावासों के सुदृढ़ीकरण हेतु केंद्र से विशेष सहायता की मांग को लेकर भी एक अशासकीय संकल्प पेश किया जाएगा।
सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली करेंगे विधानसभा भ्रमण
रायपुर। सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली आज विधानसभा का भ्रमण करेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं उन्हें विधानसभा लेकर जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 10 बजे सभी आत्मसमर्पित नक्सली विधानसभा पहुंचेंगे, जहां उन्हें सदन की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ रात्रिभोज किया था। इस दौरान उन्होंने सभी को राज्य सरकार की नई पुनर्वास नीति की जानकारी दी।
मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए प्लेसमेंट कैंप आज
रायपुर। मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने लिए प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प विशेष रोजगार कार्यालय द्वारा 27 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर सिविल लाइन में होगा। इस कैंप में वेयर हाउस हेल्पर के 20 पदों की भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का वेतन 13,777 रूपए होगा एवं कार्यक्षेत्र फ्लिपकार्ट एफसीएमएच तेन्दुआ रायपुर होगा।
डीटीपी ऑपरेटर, ग्राफिक्स डिजाइनर भर्ती परीक्षा 1 मार्च को
रायपुर। मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग के समूह-3 डीटीपी ऑपरेटर एवं ग्राफिक्स आर्ट डिजाइनर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा 1 मार्च को परीक्षा आयोजित की जाएगी। मंडल ने परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर प्रोफाइल लॉगिन पेज से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन दो घंटे पहले केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को मूल फोटो आईडी लेकर आना अनिवार्य है। बिना मूल आईडी के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे, नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंगके कपड़े पहनना वर्जित होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
रायपुर में आज
मंदाकिनी दीदी की श्रीराम कथा
सिंधु पैलेस, शंकरनगर (बीटीआई मैदान के सामने) 27 फरवरी से श्रीराम कथा की शुरुआत हो रही है। कथा सत्संग मंदाकिनी दीदी सुनाएंगी। वो सत्संग के लिए गुरुवार की सुबह सारनाथ एक्सप्रेस से रायपुर पहुंची। श्रीराम किंकर आध्यात्मिक मिशन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। कथा एक मार्च तक आयोजित है। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि तीनों ही दिन रोजाना शाम 5:30 से 6:30 बजे तक भक्ति सत्संग व शाम 6:30 से रात्रि 8:30 बजे तक श्रीराम कथा होगी।
रंगोत्सव ‘बरसाने की होली’
महिला संगठन सुहिणी सोच की ओर से रंगोत्सव ‘बरसाने की होली’ का आयोजन होटल किंग्सवे में किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें होली के पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
पं. श्यामाचरण शुक्ल जयंती
पं. श्यामाचरण शुक्ल की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम शंकर नगर के गौरव पथ स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित होगा। आयोजन सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होकर पं. श्यामाचरण शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
‘नव उमंग’ रजत उत्सव
छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा रजत उत्सव ‘नव उमंग’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम माहेश्वरी भवन, डुंडा में आयोजित होगा। आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें संगठन की सदस्याएं और आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


