CG Morning News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पोला पर्व के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2.30 बजे रायपुर से दुर्ग के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे ग्राम मडियापार में आयोजित पोरा महोत्सव-2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद 3.45 बजे भिलाई के रिसाली सेक्टर के लिए रवाना होंगे। यहां मुख्यमंत्री शाम 4.30 बजे दशहरा मैदान में आयोजित पोला उत्सव कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 5.45 बजे तक रायपुर लौटेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया-A टीम में छत्तीसगढ़ के आयुष
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रणजी खिलाड़ी और बाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष पांडेय अब ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ इंडिया-A टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। बीसीसीआई ने उन्हें देवदत्त पडिक्कल की कप्तानी वाली इंडिया-A टीम में शामिल किया है। आयुष का लगातार दूसरी बार इंडिया-A टीम में चयन हुआ है। इससे पहले जून 2026 में वह श्रीलंका-A के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज में भी इंडिया-A टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
भारत-A और ऑस्ट्रेलिया-A के बीच दो चार दिवसीय मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे। पहला मैच 22 से 25 सितंबर और दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होगा। इस सीरीज के लिए देवदत्त पडिक्कल को कप्तान और साई सुदर्शन को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अमन मोखड़े, आयुष पांडेय, यश राठौड़, शेख राशीद, कुमार कुशाग्र, एन. जगदीशन, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, नचिकेत भुटे और वी. वैशाक भी शामिल हैं।
रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में आयुष पांडेय ने छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 57.30 की औसत से 577 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। मुंबई के खिलाफ उन्होंने 183 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें दलीप ट्रॉफी के लिए भी चुना गया था। दलीप ट्रॉफी में आयुष ने 2 मैचों की 3 पारियों में 53.92 की औसत से 102 रन बनाए।
हाईकोर्ट में तीन नए जजों का शपथ ग्रहण
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नामित जस्टिस संतोष शर्मा, जस्टिस सुषमा सावंत और जस्टिस सुधीर कुमार का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 10 बजे चीफ जस्टिस के कोर्ट हॉल में होगा। शपथ ग्रहण के बाद तीनों न्यायाधीश पदभार ग्रहण करेंगे और डिवीजन बेंच में मामलों की सुनवाई शुरू करेंगे। केंद्र सरकार ने 8 सितंबर को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद तीनों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी। जस्टिस संतोष शर्मा और जस्टिस सुधीर कुमार ने 2009 में न्यायिक सेवा शुरू की थी, जबकि जस्टिस सुषमा सावंत वर्ष 1994 से न्यायिक सेवा में हैं और तीनों में सबसे वरिष्ठ हैं।
एमएड अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी
रायपुर। शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकरनगर में शिक्षा सत्र 2026-28 में प्रवेश के लिए विभागीय एवं सीधी भर्ती के तहत एमएड अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। यह सूची महाविद्यालय के साथ-साथ एससीईआरटी की वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है। अनंतिम चयन सूची के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 11 सितंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में सजेगा उद्योगों का महाकुंभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में होने वाले इस तीन दिवसीय औद्योगिक मेले में MSME, स्टार्टअप, निवेश, रोजगार और नवाचार को एक साझा मंच मिलेगा। फेयर में देशभर से उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक, खरीदार और कारोबारी पहुंचेंगे। इस दौरान उत्पाद एवं तकनीक की प्रदर्शनी के साथ निवेशकों से संवाद होगा। युवाओं के लिए जॉब प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी और उद्योगों तथा विद्यार्थियों को जोड़ने की तैयारी है। वहीं स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद और बिजनेस आइडिया प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
सक्ती में होगा ग्रामीण विकास का बड़ा आयोजन
रायपुर। सक्ती जिले के ग्राम जेठा में 11 सितंबर को ग्रामीण विकास को लेकर बड़ा आयोजन होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख परिवारों को पक्के घर की सौगात देते हुए गृह प्रवेश कराया जाएगा। साथ ही आवास योजना में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की शुरुआत होगी।
इस दौरान नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए ‘धार अपार अभियान’ शुरू किया जाएगा। ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर भी शुरू होंगे। कार्यक्रम में लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और रानी मिस्त्री को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों का भी सम्मान होगा।
कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



