CG Morning News, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। CM साय कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान विकास कार्यों के साथ ही कई विषयों पर चर्चा होगी। दोपहर में दिल्ली से रवाना होकर CM साय रायपुर पहुंचेंगे।
एमपी के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर है। बिलासपुर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे। जयवर्धन सिंह को नीट घोटाले को लेकर छत्तीसगढ़ में छात्रों की गूंज कार्यकम में प्रेस वार्ता की जिम्मेदारी मिली है। देशभर में छात्रों में गूंज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कैंपेन के अधीन देशभर के 28 शहरों में प्रेस वार्ता रखी है।

महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष का छत्तीसगढ़ दौरा
महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहीं है। राजधानी रायपुर के राजीव भवन में महिला कांग्रेस की बैठक लेंगी। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही लगातार बढ़ रही महंगाई और विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन की चर्चा भी हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह
छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। राज्य के सभी जिलों, विकासखंडों और सहकारी समितियों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सहकारिता सप्ताह के दौरान जागरूकता, जनभागीदारी और नवाचार पर विशेष फोकस रहेगा। इसके लिए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर का 6वां दिन
अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज 6वां दिन है। इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलेट रायपुर पहुंच चुके हैं। वहीं कांग्रेस संगठन प्रभारी महामंत्री केसी वेणुगोपाल भी दोपहर 2 बजे राजधानी रायपुर पहुंचेंगे और जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन
राजधानी रायपुर में आज संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। निजी प्रतिष्ठानों द्वारा 900 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

