CG Morning News, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का आज तीसरा दिन है। CM साय आज केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले बुधवार को वे जल शक्ति मंत्रालय के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दौरे के बाद मुख्यमंत्री साय के आज दोपहर बाद रायपुर लौटने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में बिजली कनेक्शन की ई-केवाईसी शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन को आधार से लिंक करने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 1 सितंबर से ‘मोर बिजली ऐप’ के जरिए फेस रीडिंग और OTP के माध्यम से ऑनलाइन KYC की सुविधा शुरू की गई है। वहीं, 7 सितंबर से सभी जोन कार्यालयों में थंब इंप्रेशन और OTP के जरिए भी ई-केवाईसी कराई जा सकेगी।
बिजली विभाग की ओर से चरणबद्ध तरीके से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जोन कार्यालयों में सुविधा शुरू होने के बाद विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर भी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करेंगे।
अवैध कनेक्शनों की होगी पहचान
बिजली कनेक्शन को आधार से लिंक करने की इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं की पहचान को सत्यापित करने के साथ-साथ अवैध बिजली कनेक्शनों पर शिकंजा कसना भी है। ई-केवाईसी के जरिए बिजली कनेक्शन से जुड़ी जानकारी को आधार से सत्यापित किया जाएगा, जिससे विभाग को कनेक्शनों की सही पहचान और रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी।
बिजली उपभोक्ता ‘मोर बिजली ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन KYC प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। वहीं, जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होगी, उनके लिए जोन कार्यालय और बाद में घर-घर जाकर ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आज भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र ने 3 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 7 नए मरीज सामने आए हैं, जिसके बाद प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा करीब 170 पहुंच गया है। अकेले रायपुर जिले में अब तक 73 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 14 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।
प्रदेश के 19 जिलों तक संक्रमण फैल चुका है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला अस्पतालों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि मरीजों के लिए पर्याप्त उपचार और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



