CG Morning News : रायपुर. रायगढ़ में आज से 23 सितंबर तक 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे.  रामलीला मैदान में हर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा. समारोह की शुरुआत पद्मश्री सम्मानित डॉ. उषा बारले की प्रस्तुति से होगी. वहीं कविता कृष्णमूर्ति और जान कुमार सानू की प्रस्तुतियों के साथ समारोह का भव्य समापन होगा. पद्मश्री सम्मानित कलाकारों के साथ इंडियन आइडल फेम कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. इस दौरान स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा.

छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व की धूम

रायपुर. छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है. सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा. महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर गौरी-शंकर की विधिवत पूजा-अर्चना की. तीजा के लिए बेटियां मायके पहुंचीं, जिससे घर-घर मंगलगीत गूंज रहे हैं. मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है. वहीं बाजारों में तीजा की रौनक देखने को मिल रही है और श्रृंगार व पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हो रही है.

छत्तीसगढ़ में आज विराजेंगे गणपति

रायपुर. पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी आज से गणेश चतुर्थी पर्व की शुरुआत हो गई है. प्रदेशभर में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. बप्पा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता भगवान गणेश के दरबार में भक्त आस्था के साथ पहुंच रहे हैं.

आज और कल नहीं बिकेगा मांस-मटन

रायपुर. गणेश चतुर्थी 14 सितम्बर और पर्युषण पर्व के अंतिम दिवस 15 सितम्बर को नगर निगम सीमा क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी. इसका आदेश राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी कर दिया है. इसी निर्देश के परिप्रेक्ष्य में महापौर मीनल चौबे ने समस्त जोन कमिश्नरी के सफाई एवं स्वास्थ्य अधिकारियों सहित अमले को आदेश के प्रतिपालन में तगड़ी निगरानी व्यवस्था का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि मांस-मटन की दुकानों के साथ ही पशुवध गृह भी बंद रहेंगे. इसके अलावा डोल ग्यारस पर्व 22 सितम्बर, अनंत चतुदर्शी 25 सितम्बर और पर्युषण पर्व में संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा 26 सितम्बर को भी नगर पालिक निगम के सम्पूर्ण परिक्षेत्र में मांस-मटन विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H