CG Morning News : रायपुर. राज्यपाल रमेन डेका आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा के दौरा पर रहेंगे. राज्यपाल दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत चांपा पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उनका करीब तीन घंटे गांव में रहने का कार्यक्रम है. राज्यपाल रमेश डेका ग्राम चांपा स्थित स्कूल में नवनिर्मित हाल का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे. कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा. राज्यपाल के दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

CM साय करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान 

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. दोपहर 12 बजे वह भाजपा प्रदेश कार्यालय में संकल्प सेवा अभियान को लेकर बुलाई गई बैठक में शामिल होंगे. बैठक के बाद वह जेई रोड स्थित डीडीयू ऑडिटोरियम में आोयिजत खेल अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. यहां वह करीब शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक मौजूद रहेंगे. इसके बाद वह मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे

खेल अलंकरण समारोह 2026 आज

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए आज बड़ा दिन है. राष्ट्रीय खेल दिवस पर राज्य स्तरीय खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया है.  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे. राज्य खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा. इनमें 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किया जाएगा. समारोह के दौरान 5 टीमों के कुल 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी. खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार समेत विभिन्न खेल सम्मानों से नवाजा जाएगा. राज्य खेल अलंकरण समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.

सेवा संकल्प अभियान को लेकर बीजेपी की कार्यशाला आज

रायपुर. भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की कार्यशाला का आयोजन आज किया जाएगा. कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शामिल होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के सभी मंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. इस दौरान प्रदेशभर में पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. बीजेपी के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे. पार्टी की योजना इन गतिविधियों के जरिए हर गांव और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने की है.

राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता आज से

रायपुर. छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ द्वारा नाकोडा टीएमटी एवं हेक्टर पाइप के सहयोग से 29 से 31 अगस्त तक प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का आयोजन सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल बूढ़ापारा में किया जा रहा है. जिसमें पहले दिन 29 अगस्त को यूथ अंडर-19 (यूथ) एवं यूथ अंडर-15 (सब जूनियर) एकल वर्ग (बालक/बालिका), 30 अगस्त को सीनियर (पुरुष/महिला) एवं यूथ अंडर-11 (होप्स) एकल वर्ग (बालक/बालिका) तथा 31 अगस्त को यूथ अंडर-17 (जुनियर), यूथ अंडर-13 (कैडेट) एकल वर्ग (बालक/बालिका) एवं सीनियर (पुरुष) एकल वर्ग की प्रतियोगिता होगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H