CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे. यह बैठक सुबह लगभग 11 बजे से शुरू होगी. बैठक के बाद सीएम साय बीजेपी प्रदेश कार्यालय जाएंगे. लगभग दोपहर 12 बजे प्रदेश कार्यालय में समाज सुधारक ज्योतिबा फूले की जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वह दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री निवास वापस लौटेंगे.

रायपुर कला केंद्र में लगेगा समर कैंप
रायपुर कला केंद्र में “समर कैंप 2026” लगने जा रहा है, जो 15 अप्रैल से 30 मई तक तीन चरणों में होगा. कैंप में संगीत, डांस, पेंटिंग, योग, शतरंज और स्पोकन इंग्लिश की ट्रेनिंग क्लासेस लगेंगी. सुबह 7:30 से 9:30 बजे तक क्लासेस होंगी. इसके लिए पंजीयन शुल्क 110 रुपए और प्रशिक्षण शुल्क 500 रुपए देना होगा.
कांग्रेस बोली- आत्मानंद स्कूलों में फीस वसूलने का निर्णय गलत
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, सरकार द्वारा आत्मानंद स्कूलों में बच्चों से सालाना फीस वसूलने के निर्णय का कांग्रेस विरोध करती है. कांग्रेस की भूपेश सरकार ने प्रदेश के गरीब एवं ऐसे लोग जो अपने बच्चों को प्राइवेट अंग्रेजी स्कूलों में नहीं पढ़ा सकते, उनके लिए अंग्रेजी माध्यम का आत्मानंद स्कूल शुरू किया था. दुर्भाग्यजनक है कि भाजपा सरकार आत्मानंद स्कूलों में भी बच्चों से फीस वसूलने जा रही है. श्री शुक्ला ने कहा, कांग्रेस सरकार ने प्रदेशभर में लगभग 750 आत्मानंद स्कूल शुरू किये थे.
ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर के अपग्रेडेशन से दो दिन सेवाएं रहेंगी बाधित
रायपुर. राज्य शासन के मंत्रालय से लेकर जिला मुख्यालय तक ई-ऑफिस सेवाएं रविवार तक बाधित रहेंगी. शुक्रवार शाम 7 बजे से रविवार शाम 7 बजे तक ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर के अपग्रेडेशन मेंटनेंस के कारण सेवाओं को बाधित करने का फैसला लिया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग और एनआईसी ने इसकी विधिवत सूचना मंत्रालय के ग्रेड-3 लिपिक से लेकर मुख्यसचिव को दे दी है. इस दौरान मंत्री से लेकर सचिव, कलेक्टर तक कोई भी शासकीय कार्य एक क्लिक पर नहीं होगा. बता दें कि एनआईसी ने पिछले वर्ष अगस्त महीने में भी ई-ऑफिस सिस्टम को अपडेट किया था.
योग प्रशिक्षण आज से
रायपुर. भारतीय योग संस्थान द्वारा सालासर धाम में दो दिवसीय प्रांतीय योग प्रशिक्षण शिविर 11 और 12 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा. जिसमें विशेष रूप से दिल्ली से आए संस्थान के अखिल भारतीय प्रधान देशराज व महामंत्री ललित गुप्ता का मार्गदर्शन प्राप्त होगा. संस्थान के प्रांत प्रमुख मुकेश सोनी ने बताया, यह योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर ऐसे योगियों को तैयार करना है, जो निष्काम सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे.
रायपुर में आज के कार्यक्रम
प्रांतीय योग प्रशिक्षण शिविर
संगठन- भारतीय योग संस्थान छत्तीसगढ़ प्रांत
स्थान- सालासर धाम, वीआईपी रोड फुंडहर के पास
समय- सुबह 5 बजे से.
जैन धार्मिक शिक्षण शिविर
संस्थान – श्रीसीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी
स्थान- भैरव सोसायटी स्थित मंदिर व दादाबाड़ी का परिसर
समय- सुबह 9 से 11 बजे तक का सत्र महिलाओं के लिए. अपरान्ह 3 से 5 बजे तक का सत्र बच्चों के लिए.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

