CG Morning News : रायपुर. कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल आज दोपहर 12 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. प्रेस वार्ता में NEET पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर पार्टी अपना पक्ष रखेगी.

डॉ. मुखर्जी की जयंती पर आज कवि सम्मेलन

रायपुर. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आज रात 8:30 बजे रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा. कार्यक्रम में देशभर के प्रसिद्ध कवि ओज, वीर रस और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य प्रस्तुत करेंगे. छत्तीसगढ़ के नामचीन कवि भी मंच साझा करेंगे. आयोजन उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में होगा.

राजनांदगांव दौरे पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन

रायपुर. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 11 और 12 जुलाई को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे. 11 जुलाई को वे ग्राम बाटगांव में वृक्षारोपण एवं नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा शाम को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे. वहीं 12 जुलाई को मंडी बोर्ड द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम और छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद रायपुर लौटेंगे.

आज से शुरू होगी 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट

रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन (CGPRA) की ओर से आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट आज से माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में शुरू होगी. पहले यह प्रतियोगिता 8 जुलाई से प्रस्तावित थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण इसकी तिथि बदली गई. प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाज 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में भाग लेंगे. 12 जुलाई को खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा.

रीवा में आज विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन   

आरंग. आरंग विकासखंड की ग्राम पंचायत रीवा में आज कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा. कार्यक्रम के तहत नवनिर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण, अटल डिजिटल भवन का भूमिपूजन और वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा. कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि रहेंगे. वहीं मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे. आयोजन को लेकर गांव में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

narayana

रायपुर में आज के कार्यक्रम 

कला प्रदर्शनी ‘जनसंख्या विस्फोट’

संस्थान – महाकोशल कला परिषद व पर्यावरण ऊर्जा टाइम्स

स्थान- नगरघड़ी चौक के पास महाकोशल आर्ट गैलरी में

समय- शाम 6 बजे से.

भागवत कथा

आयोजक- विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन छत्तीसगढ़ व प्रदेश शौण्डिक समाज 

स्थान- इंडोर स्टेडियम बूढ़ापारा

समय- अपरान्ह 3.30 बजे से. वामन अवतार, श्रीराम जन्म व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H