CG Morning News : रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे हुए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आचार्य पदारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे सुबह 11:55 बजे इंडोर स्टेडियम से रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे फिर लोकभवन पहुंचेंगे। फिर शाम 4 बजे ओम बिरला शांतिनगर स्थित एक स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

narayana

जैन समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम साय और डॉ. रमन सिंह

रायपुर। जैन समाज का आचार्य पदारोहण महोत्सव आज राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर विनय कुशल मुनिजी म.सा. को आचार्य पदवी प्रदान की जाएगी। विशेष बात यह है कि 71 वर्षों बाद किसी जैन मुनि को आचार्य पदवी मिलने जा रही है।

महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का आज सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शन

रायपुर। प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का चरणबद्ध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में आज प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी और बिजली की बढ़ी हुई दरों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस राज्यव्यापी अभियान चला रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार कोरबा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जबकि दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सरगुजा में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव प्रेस वार्ता करेंगे।

20 जून से शुरू होगी कांग्रेस जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से 20 जून से जिला अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 जून से 29 जून तक अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित होगा। शिविर के सफल संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। प्रशिक्षण शिविर के प्रबंधन, प्रोटोकॉल, समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 21 जून को शामिल होने राहुल गांधी भी रायपुर पहुंचेंगे।

मिशन 2028 की तैयारी में बीजेपी, किसानों के बीच पहुंचेगा किसान मोर्चा

रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2028 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। इसके लिए बीजेपी किसान मोर्चा को संगठन की ओर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेशभर में किसानों के बीच जाकर राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए फैसलों और संचालित योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही किसानों से सीधे संवाद कर यह भी जानेंगे कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में बीजेपी किसान मोर्चा को विशेष जिम्मेदारियां दी जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों का होगा सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन (सीओए) ने 23 जून को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी के लिए बुधवार को सीओए के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के आग्रह पर 2036 वृक्ष लगाने की तैयारी पर चर्चा की गई। साथ ही सीओए ने सभी खेलों के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों (एक महिला एवं एक पुरुष) तथा एक कोच को सम्मानित करने का फैसला किया है।

बैठक में सीओए के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, उपाध्यक्ष गजराज पगरिया, आर.के. श्रीवास्तव, अकरम खान, सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी, सहसचिव अवतार जुनेजा तथा कार्यकारिणी सदस्यगण उपस्थित रहे।

रायपुर में जुटेगा एशिया का स्क्वैश कारवां

रायपुर। प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन पहली बार रायपुर में होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 22 से 27 जून तक बूढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की 5 स्टार रैंकिंग प्राप्त है, जिसे एशियन स्क्वैश फेडरेशन और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन से भी मान्यता प्राप्त है। इसमें सिंगापुर सहित भारत के 21 राज्यों से लगभग 350 जूनियर और सीनियर खिलाड़ी भाग लेंगे।

टूर्नामेंट के लिए 2000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव को चैंपियनशिप का चेयरमैन तथा प्रदेश संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H